राजस्थान- नवंबर के दूसरे सप्ताह के बाद बढ़ेगी सर्दी:सीकर, माउंट आबू में सबसे ठंडी रात, बाड़मेर में 37 डिग्री से ऊपर पारा

राजस्थान में फिलहाल लोगों को सर्दी के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। नवंबर के दूसरे सप्ताह के बाद सर्दी जोर पकड़ने का अनुमान है। 15 नवंबर बाद हवा का पैटर्न बदलेगा और उत्तरी हवा मैदानी राज्यों में आने से पश्चिमी राजस्थान में तापमान गिरने से सर्दी बढ़ेगी। इससे पहले राज्य में मौसम साफ रहेगा। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा तापमान बाड़मेर में 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि जैसलमेर में पारा 36.6 डिग्री रहा। वहीं, माउंअ आबू और सीकर में रात में सबसे ज्यादा सर्दी रही। रात में सर्दी बढ़ी, पारा गिरकर 12 डिग्री के करीब राजस्थान में सर्दी की स्थिति देखे तो केवल कुछ ही शहरों में रात में सर्दी का असर है। इसमें शेखावाटी के सीकर, फतेहपुर के अलावा सिरोही, उदयपुर और हिल स्टेशन माउंट आबू का एरिया है। शनिवार को सबसे ज्यादा ठंडी रात सीकर और माउंट आबू में रही। सीकर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस, माउंट आबू में 12.3, डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल जयपुर: यहां लगातार मौसम साफ बना हुआ है। शनिवार को यहां दिनभर आसमान साफ रहा और धूप रही। दिन में धूप से हल्की गर्मी रही, अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं रात में हल्की ठंडक रहने लगी है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोटा:शनिवार को रात के तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। वहीं, दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ। दिनभर आसमान साफ रहा। अधिकतम तापमान 34. 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नवंबर के दूसरे सप्ताह में रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। अजमेर: शनिवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हल्की ठंडक रही, जबकि दिन में धूप के कारण गर्मी का असर बना रहा। सुबह और शाम के समय ठंडक का एहसास हो रहा है। उदयपुर: सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव से दिन और रात के तापमान में करीब 19 डिग्री का अंतर आ गया है। सीकर: शनिवार दिनभर मौसम सामान्य रहा। बादलों की आवाजाही नहीं थी। इस वजह से दिनभर तेज धूप खिली। सीकर के मौसम में अभी खासा बदलाव होने की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और इससे पहले सुबह का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया। अलवर: शनिवार को सुबह से मौसम सामान्य बना रहा। दोपहर में धूप निकलने के कारण हल्की गर्मी का अहसास हुआ। दिन का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रात के समय भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। अगले दो दिन तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बाद गिरावट आने की संभावना है। जोधपुर: शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया,जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान में गिरावट से सर्दी बढ़ी है और रात में हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है।
Back To Top