आज 18 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी:अब तक 19 फीसदी कम बरसात, अगस्त में भी तापमान 40 डिग्री के करीब

राजस्थान में बारिश का दौर कमजोर पड़ गया है। हालांकि, मौसम विभाग ने 22 अगस्त को भी पूर्वी राजस्थान के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, शुक्रवार (21 अगस्त) को भी 15 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट था, उनमें से 11 जिलों में तो मौसम साफ रहा। जिन चार जिलों में थोड़ा मौसम में बदलाव हुआ, वहां भी बारिश 10MM से भी कम हुई। मानसून के इस कमजोर फेज के कारण राज्य के अधिकांश जिलों में गर्मी के साथ उमस बढ़ गई। अगस्त में भी तापमान 40 डिग्री के करीब रिकॉर्ड हो रहा है। राजस्थान में बारिश की स्थिति इन जिलों में हुई हल्की बारिश मौसम विभाग ने 21 अगस्त के लिए सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, अलवर, अजमेर, टोंक, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़ में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया था। लेकिन इनमें से किशनगंज, अटरू (बारां) में कुल 9MM, बयाना, उच्चैन, वैर (भरतपुर) कुल 6MM, धौलपुर में 5, कानावास (कोटा) में 3MM बारिश हुई। इनके अलावा उदयपुर के मावली में 1MM पानी बरसा, जिसके लिए कोई अलर्ट नहीं था। ये शहर सबसे गर्म रहे श्रीगंगानगर में पारा 40 डिग्री के करीब राजस्थान में बारिश कम होने के कारण गर्मी, उमस भी बढ़ रही है। शुक्रवार दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस गंगानगर में दर्ज हुआ। चूरू में 39 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 37.4, फलोदी में 37, हनुमानगढ़ में 36.3, फतेहपुर में 36.5 और झुंझुनूं में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन का सबसे कम तापमान प्रतापगढ़ में 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। क्यों मानसून सुस्त है राजस्थान में मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून सीजन में बारिश वहीं सबसे ज्यादा होती है, जिन एरिया से ट्रफ लाइन गुजरती है। ट्रफ लाइन में एक तरफ हवा पूर्व की तरफ (बंगाल की खाड़ी से पाकिस्तान की तरफ) से आती है। जबकि दूसरी तरफ हवा पश्चिम से (पाकिस्तान से बंगाल की खाड़ी की तरफ) आती है। इन हवाओं के बीच का जो टर्बुलेंस एरिया होता है, वहीं ट्रफ कहलाता है। इसी टर्बुलेंस एरिया और उसके आसपास के एरिया में अच्छी बारिश होती है। वर्तमान में ये ट्रफ लाइन उत्तर भारत के अमृतसर, मुजफरनगर, कानपुर, डालटनगंज, दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। यही कारण है कि राजस्थान के हिस्से में अभी मानसून सुस्त है। आगे ऐसा रहेगा मौसम राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर: शुक्रवार को राजधानी में बारिश का अलर्ट था, लेकिन इसके विपरित मौसम साफ रहा। आसमान में हल्के बादल रहे। जिससे कमजोर धूप रही और उमस बढ़ गई। अधिकतम तापमान 34.9 और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ये सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने आज भी जयपुर में बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। कोटा: अलर्ट के बाद भी शुक्रवार को जिले में कहीं भी बारिश नहीं हुई। लगातार चौथे दिन बादल बिना बरसे ही निकल गए। दोपहर में हल्की धूप खिली। इसके चलते दिन का पारा 2 डिग्री बढ़ गया। लोग गर्मी व उमस से परेशान रहे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री व न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अजमेर: मानसून की सुस्ती शुक्रवार को भी जारी रही। मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी कर मानसून के फिर सक्रिय होने की संभावना जताई थी, लेकिन अलर्ट के बावजूद शहर में बारिश नहीं हुई। उमस और गर्मी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उदयपुर: शहर में शुक्रवार सुबह से बादल छाए रहे। इसके बाद तीखी धूप निकली। लेकिन दिनभर बारिश नहीं हुई। इस दौरान उदयपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर: शुक्रवार को दिनभर आसमान साफ रहा, इसलिए धूप में तेजी रही। सुबह बादल छाए, लेकिन उसके बाद करीब 11 बजे से तेज धूप निकली। सीकर में हल्की हवा के बीच तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिन का तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया है। अब सीकर में बारिश होने का कोई पूर्वानुमान नहीं है। जोधपुर: शुक्रवार को मौसम सामान्य बना रहा। दिन में बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री रहा। जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में बारिश की संभावना नहीं जताई है। अलवर: यहां मौसम सामान्य बना रहा। दोपहर में धूप से उमस बढ़ गई। गर्मी का एहसास हुआ। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी जारी की थी, लेकिन धूप रही।
Back To Top