भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर कलेक्ट्रेट में SDM (ईस्ट) नरेन्द्र कुमार के पीए मुकेश कुमार के खिलाफ गुरुवार शाम FIR दर्ज कर ली है। ACB ने पीए मुकेश कुमार को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों अरेस्ट किया था। एसीबी जांच में घूसखोर पीए के ट्रैवल फर्म के पेंडिंग बिल पास करवाने के एवज में 8 प्रतिशत कमीशन मांगना सामने आया है। पीए की ओर से टोटल 2.04 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। एसीबी ट्रैप के दौरान ऑफिस पहुंचे परिवादी को देख पीए बोला था- आप मतलब की बात करने आए हो या बेमतलब की। उसे विश्वास बिल्कुल भी नहीं था, इसलिए दोनों हाथों से घूस की रकम गिनकर दराज में रखी थी। एसीबी टीम की ओर से फिलहाल पूछताछ की जा रही है। एसीबी के मुताबिक, जयपुर कलेक्ट्रेट में SDM (ईस्ट) नरेन्द्र कुमार के पीए मुकेश कुमार को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते अरेस्ट किया गया था। वह आर्मी से रिटायर्ड होने के बाद इस जॉब में आया था। एसीबी चौकी जयपुर ग्रामीण में परिवादी ने शिकायत दर्ज करवाई। उसकी फर्म की ओर से जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित एग्जाम के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई थी। इसके पेमेंट के लिए उसने SDM (ईस्ट) ऑफिस में बिल लगाए थे। मांगने लगा रिश्वत आरोप है कि इन बिलों का पेमेंट करवाने के बदले पीए मुकेश कुमार रिश्वत की डिमांड करने लगा। फर्म के कुल करीब 18.36 लाख रुपए के बिल पेमेंट पेंडिंग थे। इसके अलावा करीब 5.14 लाख रुपए का बिल भी था, 24 जुलाई को उसका पेमेंट सेक्शन किया जा चुका था। इन बिलों के एवज में आरोपी पीए की ओर से 8 प्रतिशत कमीशन की डिमांड रखी गई थी। एसीबी जांच में कुल करीब 2.04 लाख रुपए की रिश्वत मांगने की बात सामने आई। घूस के 1.50 लाख रुपए पहले और बाकी बिल पास होने के बाद लेने पर सहमति बनी थी। घूस के 1.50 लाख की जगह 1 लाख रुपए की व्यवस्था होने पर ट्रैप कार्रवाई का चक्रव्यू रचा गया। बातचीत नहीं रुपयों पर फोक्स एसीबी की ओर से ट्रैप के लिए परिवादी को बुधवार दोपहर करीब 2 बजे SDM (ईस्ट) ऑफिस भेजा गया। ऑफिस में मिले पीए मुकेश कुमार से परिवादी ने अपने बिलों के संबंध में बातचीत करने शुरू किया। बातचीत करने ऑफिस आए परिवादी को देखकर पीए मुकेश बोला- आप मतलब की बात करने आए हो या बेमतलब की बात करने आए हो। परिवादी ने जवाब दिया कि 1 लाख रुपए लेकर मतलब की बात करने आया हूं। पीए मुकेश कुमार ने दोनों हाथों से रुपए गिनकर अपनी टेबल की दराज में रख लिए। बोला- लेपटॉप के उधार दिए पैसे है रिश्वत रकम आरोपी को देने के बाद परिवादी की ओर से एसीबी टीम को सिर पर हाथ फेरकर इशारा किया गया। ट्रैप का इशारा मिलते ही एसीबी टीम ने ऑफिस में पहुंचकर आरोपी पीए मुकेश कुमार को पकड़ लिया। दराज में रखी रिश्वत रकम एसीबी की ओर से निकाली गई। पहले आरोपी ने रिश्वत रकम ली है, इस बात से इनकार कर दिया। लेपटॉप के लिए उधार रुपए देना बताया। एसीबी के पूछताछ के दौरान उसने घूस के रुपए होना स्वीकार कर लिया। ——————- ये खबर भी पढ़िए… जयपुर- RAS अफसर का पीए 1-लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार:घर से 100 ग्राम सोना और 10 लाख कैश मिला, सेना से रिटायर्ड है आरोपी

