जयपुर से आगरा जा रही जनता ट्रेवल्स की स्लीपर कोच बस भरतपुर के डेहरा मोड़ पर हादसे का शिकार हो गई। बस ने आगे चल रहे वाहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार करीब 11 यात्री घायल हो गए। हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सभी घायलों को आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार हादसा बस चालक को नींद की झपकी आने से हुआ। सुबह साढ़े चार बजे हुआ हादसा डेहरा मोड़ चौकी प्रभारी जुगल किशोर ने बताया – हादसा सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। जनता ट्रेवल्स की स्लीपर कोच बस जयपुर से आगरा जा रही थी, जिसमें करीब 35 यात्री सवार थे। डेहरा मोड़ के पास पहुंचते ही ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई और बस आगे चल रहे वाहन से जा टकराई। टक्कर के बाद आगे वाला वाहन निकल गया पुलिस के अनुसार टक्कर लगने के बाद आगे चल रहा वाहन मौके पर नहीं रुका और वहां से चला गया। वहीं, बस में सवार करीब 11 यात्री घायल हो गए। चालक को यह भी पता नहीं चल सका कि बस किस वाहन से टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया। सिर, हाथ और पैरों में आई चोटें घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल भिजवाया। अधिकांश यात्रियों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। बस ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। यह लोग हुए घायल बस में बैठे रोशनी, अमजद, आशिया, महमूब, आसार, फरीम निवासी कर्नाटक विजय निवासी किरावली गंभीर घायल बाकी सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। कर्नाटक के रहने वाले सभी लोग अजमेर दरगाह जाने के लिए आये हुए थे।

