फार्म पॉन्ड में मिले मां और 2 बेटियों के शव:पॉन्ड मालिक ने सुनी कूदने की आवाज, परिजन बोले- सुबह जल्दी उठी तो सोचा मंदिर गई होगी

जयपुर जिले में मंगलवार सुबह फार्म पॉन्ड में महिला और उसकी दो बेटियों के शव तैरते मिले। घटना की सूचना पर गोविंदगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को निकालकर हाॅस्पिटल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के खेजरोली नगरपालिका की लेसवा की ढाणी की है। पहले देखें घटना से जुड़ी PHOTOS
फार्म पॉन्ड में मिला दोनों बेटियों सहित मां का शव गोविंदगढ़ थानाधिकारी विनोद सांखला ने बताया – पुलिस को सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि लेसवा की ढाणी स्थित फार्म पॉन्ड में शव हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। महिला और बच्चों को पॉन्ड से बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मुण्डरू निवासी पूजा यादव (25) और उनकी दो बेटियां हर्षिता(3) और चित्रांशी(2), के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। पॉन्ड मालिक रामकुमार सामोता ने बताया – सुबह करीब 4 बजे पॉन्ड में कुछ गिरने की आवाज आई। मैं उठकर बाहर देखने गया तो 2 बच्चे और एक महिला पॉन्ड में तैरती मिली। यह पॉन्ड मृतका के घर मुण्डरू से करीब 1 किलोमीटर दूर है। परिजन बोले – हमे लगा मंदिर जाने के लिए उठी परिजनों ने बताया – पूजा सोमवार रात करीब 3 बजे चुपचाप उठ कर गई। किसी को कुछ नहीं बताया। वो हर मंगलवार सामोद हनुमान जी मंदिर दर्शन करने जाती है। हमें लगा मंदिर जाने के लिए ही जल्दी उठी होगी। सुबह करीब 4 बजे, जब पति रामवतार ने उठकर देखा तो दोनों बच्चियां और पूजा कहीं दिखाई नहीं दिए। इसके बाद पॉन्ड में शव मिलने की जानकारी मिली 4 साल पहले हुई शादी मृतका पूजा यादव का मायका गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के ही नागल काजू में है। उसकी शादी करीब 4 साल पहले मुण्डरू निवासी रामवतार यादव से हुई थी। पति रामवतार यादव खेती कर घर चलाता है। मौत के कारणों का खुलासा नहीं थानाधिकारी विनोद सांखला ने कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और परिजनों सहित संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
Back To Top