सीएम बोले-कांग्रेसियों को हमेशा कुर्सी का डर रहता था:तीन-तीन महीने में चुनाव कराते थे, निकाय चुनाव में जीत के लिए जनता का धन्यवाद

सीएम ने कहा- कांग्रेसियों को हमेशा अपनी कुर्सी का डर रहता था, इसलिए हर तीन-तीन महीने में चुनाव कराते थे। जब निकाय चुनाव शुरू नहीं हुए थे, तभी से इन्होंने सत्ता के दुरुपयोग का राग अलापना शुरू कर दिया था। जब चुनाव ही शुरू नहीं हुए तो कैसे दुरुपयोग कर लिया। निकाय चुनाव में भाजपा की बम्पर जीत के बाद सोमवार शाम को प्रदेश कार्यालय में जश्न के दौरान सीएम भजनलाल ने ये बात कही। सीएम ने कहा- कांग्रेसी कभी कहते हैं कि सीएम की अधिकारी नहीं सुनते हैं। कभी कहते हैं कि अधिकारी हमारे हिसाब से काम कर रहे हैं। उनकी खुद की कोई जमीन नहीं है। ये जैसा समय होता है, वैसा ही राग अलापना शुरू कर देते हैं। राजस्थान में अब तक 301 निकायों के रिजल्ट घोषित हो चुके हैं। इनमें से बीजेपी के सबसे ज्यादा अध्यक्ष बने हैं। वहीं भाजपा ने 7 में से 6 नगर निगम जीतकर अपने मेयर बनाए हैं। जीत के बाद जश्न के PHOTOS भाजपा सरकार ने सदियों से अटके जल समझौते किए पूरे भजनलाल शर्मा ने कहा- राजस्थान के 4 जल समझौते सदियों से अटके हुए थे। हमारी सरकार ने सभी अटके हुए जल समझौते पूरे किए। कांग्रेस ने हमेशा उन्हें अटकाने का काम किया। जिस तरह से प्रदेश की जनता ने हमें निकाय जिताए हैं, हम उसके आभारी रहेंगे। सीएम ने कहा- कांग्रेस के लोग कभी राजनीति नहीं करते हैं, यह लोग जातिवाद और धर्म के हिसाब से टिकट बांटकर समीकरण बनाते हैं। चुनाव में जीत पर सीएम ने कहा- इस जीत के लिए प्रदेश की जनता का धन्यवाद है। जीत का श्रेय हमारे कार्यकर्ताओं को जाता है। आज हम पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। ऐसा नेतृत्व सदियों में मिलता है। उनके नेतृत्व में राजस्थान लगातार आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर मंच पर प्रदेश अध्य्क्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, महामंत्री श्रवण बगड़ी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, विधायक बालमुकुन्दाचार्य, जयपुर जिले के तीनों जिला अध्यक्ष, प्रदेश मंत्री सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। मदन राठौड़ बोले- जो कमी रह गई, उसकी समीक्षा करेंगे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- सीएम भजनलाल शर्मा में अद्भुत प्रतिभा है। वे प्रत्येक कार्यकर्ता को नाम से पहचानते हैं। सत्ता के साथ उनके संगठन के अनुभव के चलते हमने यह निकाय का युद्ध जीता है। इसका पूरा श्रेय सीएम भजनलाल शर्मा को जाता है। आगे हम पंचायत के चुनाव भी जीतेंगे। मदन राठौड़ ने कहा- इन निकायों में राजस्थान की जनता ने हमें पूरा आशीर्वाद दिया। पीएम मोदी के विजन पर विश्वास जताया है। प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह से बिखरी हुई है। वह 100 निकाय भी नहीं जीत पाएगी। हम अभी तक 200 से ज्यादा निकाय जीत चुके हैं। अभी और परिणाम आने शेष हैं। हम 309 में से 309 निकाय जीतना चाहते थे। इसमें जो भी कमी रह गई, उसकी भी हम समीक्षा करेंगे। गहलोत दो बार बसपा के हाथी को डकार गए मदन राठौड़ ने कहा- चुनाव में सत्ता का दुरुपयोग नहीं हो सकता है। विजयी पार्षद गुप्त मतदान करता है। उसका हाथ पकड़कर कोई अपने पक्ष में वोट नहीं डलवा सकता है। पार्षदों को प्रलोभन देने के गहलोत की बात पर मदन राठौड़ ने कहा- अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री बनने के लिए दो बार बसपा के हाथी को डकार लिया था। वह किस मुंह से हमसे सवाल कर रहे हैं। उन्हें तो सवाल करने का कोई अधिकार ही नहीं है। उन्होंने बसपा के विधायकों को मंत्री बनाया, लेकिन हमने किसी भी निर्दलीय पार्षद को कोई पद नहीं दिया। मैं छोटा आदमी, डोटासरा महान व्यक्ति डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- मैं बहुत छोटा आदमी हूं। डोटासरा बहुत महान व्यक्ति हैं। वे अपनी महानता को बनाए रखें। राठौड़ ने कहा- डोटासरा अपनी पार्टी की पीठ में छुरा घोंप सकते हैं। हम ऐसा काम नहीं कर सकते हैं। वह क्रीमीलेयर होते हुए भी अपने बच्चों को ओबीसी का लाभ दिला सकते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सकते हैं। इसलिए डोटासरा जैसे चल रहे हैं, वैसे चलते रहें।
Back To Top