जयपुर में थार सवार युवकों ने टैक्सी कार के ड्राइवर और उसके साथियों पर पिस्टल तान दी। कार में तोड़फोड़ कर मारपीट की। पीड़ितों का आरोप है कि सभी युवक नशे मे थे। करीब आधे घंटे तक हंगामा करने के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना खोरा बीसल थाना क्षेत्र के नांगल पुलिया के पास रविवार देर रात की है। ओवरटेक करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर 3 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थार आगे लगाकर रोकी टैक्सी पीड़ित टैक्सी चालक झोटवाड़ा निवासी रजत सिंह (28) ने बताया- मैं टूर एंड ट्रैवल्स का काम करता है। कालवाड़ रोड स्थित जादौन टूर एंड ट्रैवल्स के ऑफिस से अपने मामा गौरे लाल, उनके बेटे यश और अपने भांजे प्रदीप सिंह को निवारू रोड स्थित घर छोड़ने जा रहा था। रात करीब 12 बजे नांगल पुलिया के नीचे पीछे से आ रही थार ने हॉर्न और डिपर देकर साइड मांगी। पुलिया पार करने के दौरान साइड नहीं मिलने से नाराज युवकों ने थार को स्विफ्ट डिजायर के आगे लगाकर रास्ता रोक लिया। पिस्टल तानने और हॉकी-डंडों से मारपीट का आरोप रजत ने बताया- आरोपी युवकों ने थार से उतरते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। हम लोगों के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान एक युवक ने पिस्टल निकालकर मेरे भांजे प्रदीप सिंह पर तान दी। बदमाशों ने हॉकी-डंडों से भी हम लोगों के साथ मारपीट की। एक युवक ने मेरे ममेरे भाई यश सिंह के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। उसके सिर पर चार टांके आए है। आरोपियों ने प्रदीप सिंह के सिर पर पिस्टल के बट से वार कर दिया। टैक्सी में भी जमकर तोड़फोड़ रजत ने कहा- आरोपी करीब आधे घंटे तक मारपीट और हंगामा करने के बाद टैक्सी में तोड़फोड़ कर फरार हो गए। खोरा बीसल थानाधिकारी सुरेंद्र चौधरी ने बताया- रात करीब 12 बजे साइड देने की बात को लेकर थार और टैक्सी सवार युवकों के बीच विवाद हुआ था। थार सवार युवकों ने पहले डिपर देकर साइड मांगी। साइड नहीं मिलने पर उन्होंने टैक्सी के आगे थार लगाकर रास्ता रोका और मारपीट व वाहन में तोड़फोड़ की। थानाधिकारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

