राजस्थान में फतेहपुर सबसे ठंडा, रात का पारा 6°C:10 से ज्यादा जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे; जानें-अगले एक सप्ताह कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान के मौसम में शनिवार को बदलाव देखने को मिला। पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर संभाग में हल्के बादल छाने से तापमान में बढ़ोतरी हुई। इससे सुबह-शाम की सर्दी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम ड्राई रहने और उत्तरी हवा से थोड़ी राहत मिलने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो जयपुर, टोंक, दौसा, अलवर, भरतपुर, करौली और धौलपुर में शनिवार को दिनभर हल्के बादल और धुंध रही। बादल छाने से इन शहरों में सर्द हवा का असर कमजोर रहा। प्रदेश के 10 से ज्यादा जिलों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। शनिवार को फतेहपुर (सीकर) में न्यूनतम तापमान सबसे कम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में शनिवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। श्रीगंगानगर में 30.3, जैसलमेर, पाली और जोधपुर में 30-30, चूरू में 29.2 और लूणकरणसर (बीकानेर) में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर के एरिया में शनिवार को दिन में हल्की सर्द हवा का असर रहा, जिससे यहां हल्की सर्दी रही। चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, उदयपुर, फलोदी में भी सर्द हवा के असर से दिन में हल्की ठंडक रही। फतेहपुर में सबसे ठंडी रात शनिवार को राजस्थान में सबसे ठंडी रात फतेहपुर में रही, जहां का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर में 6.2, टोंक में 8.2, अलवर में 8.5, चूरू में 8.7, नागौर में 7.2, माउंट आबू में 8.1, पिलानी (झुंझुनूं) में 8.6 और करौली में 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहेगा मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहेगा। इस दौरान राज्य में सर्द हवा से थोड़ी राहत रहने की संभावना है। उदयपुर, कोटा संभाग के इलाकों में रात में सर्दी थोड़ी कम हो सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के जिलों में दिन में धूप तेज होने से तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर में शनिवार को दिनभर हल्के बादल और धुंध रही, जिससे दिन में धूप कमजोर रही। बादल छाने से सर्द हवा से राहत रही, लेकिन दिन के तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस तक ​की गिरावट हुई। जयपुर में अधिकतम तापमान 26.3 और न्यूनतम 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उदयपुर में दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बावजूद सुबह और रात के समय सर्दी का असर बना हुआ है। दिन में धूप के कारण लोगों को सर्दी से राहत मिल रही है। कोटा में सीजन में पहली बार रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा है। तापमान में गिरावट होने से सर्दी और गलन बढ़ने लगी है। सुबह के वक्त हल्की धुंध छाई रही। अजमेर में शनिवार को तापमान में उतार-चढ़ाव रहा। हवा में नमी सुबह 71 और शाम को 39 प्रतिशत रही। सुबह-शाम सर्दी का असर बना हुआ है। अलवर में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को सुबह से ही हवा चलती रही। दोपहर में धूप खिलने के बावजूद सर्दी का एहसास बना रहा। सुबह और रात के समय सर्दी का असर ज्यादा महसूस होने लगा है। दिन और रात के तापमान में अंतर के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। जोधपुर शहर में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। वहीं, दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार 1 दिसंबर के बाद सर्दी का असर और बढ़ने की संभावना है। सीकर‌ में शनिवार सुबह कुछ इलाकों में एक सप्ताह बाद हल्के बादल छाए। शाम होते-होते हवा चलने लगी। दिनभर धूप में तल्खी नहीं थी। सीकर के फतेहपुर मौसम‌ केंद्र पर अधिकतम तापमान 28.0 और न्यूनतम 5.4 डिग्री दर्ज किया गया।
Back To Top