राजस्थान में नवंबर में रिकॉर्ड गर्मी, पारा 38 के ऊपर:रात में भी ठंडक कम हुई, जानें- आगे कैसा रहेगा मौसम, कब होगी तेज सर्दी

राजस्थान के शहरों में रविवार को दिन में सामान्य से ज्यादा गर्मी रही। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। ये पिछले 10 साल में दूसरा मौका है जब यहां तापमान 38 डिग्री के ऊपर रिकॉर्ड हुआ है। जयपुर, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर, चूरू, समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज हुआ। रात में भी गर्मी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। दूसरे सप्ताह के अंत से सर्दी बढ़ने की संभावना है। 10 साल में दूसरी बार सबसे गर्म नवंबर राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से पर एक एंटी साइक्लोनिक सिस्टम बना हुआ है। इस सिस्टम के असर से दिन में उत्तरी हवा कमजोर पड़ रही है और पश्चिमी हवा स्ट्रांग हो रही है। इस कारण दिनभर आसमान साफ रहने के साथ ही तेज धूप रहती है और गर्मी का असर ज्यादा रहता है। ये 10 साल में दूसरा मौका है जब विशेषकर पश्चिमी राजस्थान के जिलों में नवंबर के महीने में भी रिकॉर्ड गर्मी पड़ रही है। सामान्य से 6 डिग्री तक ऊपर राज्य में एंटी साइक्लोन के असर से कमजोर पड़ी उत्तरी हवाओं के कारण रात में भी कई शहरों में सामान्य से कम ठंडक है। बाड़मेर, पाली, जैसलमेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, चूरू में रात का तापमान भी सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर ही है। रविवार को ​सबसे ज्यादा ठंडी रात माउंट आबू में रही, जहां का न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, ये यहां सामान्य तापमान से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है।
Back To Top