डोटासरा बोले- पंचायत चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ होगा:सरकार ने सारी हदें पार कर दीं, निकाय चुनाव जितनी गुंडागर्दी कभी नहीं हुई

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- पंचायत चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ होगा। वर्तमान भाजपा सरकार ने सारी हदें पार कर दीं। सरकार अधिकारियों के माध्यम से पंचायत चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों की लिस्ट तैयार करा रही है। भाजपा अपने प्रत्याशी चुने, कांग्रेस से कौन लड़ने वाला है, यह जानकर वह क्या करना चाहते हैं। डोटासरा गुरुवार को डेगाना (नागौर) में आयोजित कांग्रेस के पंचायत राज कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का आज जन्मदिन था। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- भाजपा का एक ही मकसद है कि कांग्रेस के प्रत्याशियों की जानकारी मिल जाए तो उनके घर में कौन सरकारी कर्मचारी है, उसके माध्यम से परिवार पर दबाव बनाया जा सके, मकान पर बुलडोजर की कार्रवाई की जा सके, कोई बड़ा आदमी होगा तो इनकम टैक्स, ईडी भेजी जा सके, पुलिस प्रशासन से निगरानी करवाई जा सके, इसलिए इन्हें कांग्रेस प्रत्याशियों की लिस्ट चाहिए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं, उस पर सरकार का ध्यान नहीं है, निकाय चुनाव में 52 एफआईआर दो दिन में किडनैपिंग की दर्ज कर पुलिस का सहारा लेते हुए प्रदेशभर में निकायों के चुने हुए जनप्रतिनिधियों पर भाजपा ने गुंडागर्दी की। राजस्थान के इतिहास में कभी किसी चुनाव में पुलिस की इतनी गुंडागर्दी नहीं हुई, जो निकाय चुनाव में भाजपा सरकार ने की है। प्रदेश में वसुंधरा राजे भी मुख्यमंत्री रहीं, अशोक गहलोत भी मुख्यमंत्री रहे, लेकिन कभी निकाय और पंचायत चुनाव में हस्तक्षेप नहीं किया। उन्होंने कहा- भाजपा को यह समझना होगा कि यह कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता है, उन्हें इस तरह से भाजपा प्रताड़ित नहीं कर सकेगी। सभी कार्यकर्ताओं को मजबूती से विरोध करना होगा, क्योंकि यह भाजपा की नौटंकी है। गांवों में आकर यदि कोई कानून के विरुद्ध कार्रवाई करेगा तो उसे माकूल जवाब कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता देंगे। कानून की बात का सम्मान होगा, लेकिन कानून के खिलाफ धमकाने का काम हुआ तो कांग्रेस के सारे नेता अपने कार्यकर्ताओं के आगे ढाल बनकर खड़े हो जाएंगे। गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- आज ही कि खबर है कि प्रदेश में मक्का का नकली बीज दिया गया, जिस मार्का का बीज था और टेस्ट में उस मार्का का नहीं निकला। यह हाल भाजपा के शासन में हो रहा है। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पहले खूब छापे मारते थे, अब उन्होंने छापे मारने क्यों बंद कर दिए। पहले तो कहते थे कि किसानों के हित में छापे डालता हूं, लेकिन वास्तविकता यह है कि माल लेकर अपनी अलमारियां भर लीं। भाजपा अगर किसान का ही भला सोचती तो खाद के लिए पुलिस का पहरा क्यों लगाती। डीएपी के लिए किसानों को कई दिन तक लाइन में क्यों लगना पड़ता है, उन पर लाठियां क्यों बरसाई जाती। किसान की चिंता थी तो फसल का समर्थन मूल्य बढ़ाकर क्यों नहीं दिया जाता है। दूध पर बोनस क्यों नहीं मिल रहा। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा आज तक भाजपा ने पूरा नहीं किया। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी तो 4000 करोड़ रुपए किसानों का कर्जा माफ किया। देश में मनमोहन सरकार ने 72000 करोड़ रुपए किसानों का कर्जा माफ किया। कांग्रेस राज में जो काम हुए, उनकी तुलना भाजपा सरकार से की जाए तो कांग्रेस 90 प्रतिशत और भाजपा 10 प्रतिशत भी तुलना में नहीं रह सकेगी। कांग्रेस सरकार आमजन के लिए कार्य करती है। डर के कारण सरकार ने चुनाव नहीं करवाए डोटासरा ने कहा- फेलियर, गरज और डर के कारण सरकार ने चुनाव नहीं होने दिए। प्रशासक से जुड़ा कानून आपने कब बनाया। किसने सरपंचों को प्रशासक बनाने की एप्लिकेशन दी। सरपंचों के डर के कारण उन्हें प्रशासक बनाया गया। सरपंच तो कह रहे थे कि सरकार चुनाव कराए। डोटासरा ने कहा- डेगाना विधायक अजय सिंह किलक सुंदर हैं, लेकिन उनको ढाई रुपए का काम नहीं मिलता है। ऊपर लेवल पर इनकी कोई सुनता नहीं है। आम आदमी परेशान है। मुख्यमंत्री जनता के पैसे से धार्मिक स्थलों पर घूमने का काम कर रहे हैं। सरकार किसानों को समय पर मुआवजा नहीं दे पा रही है। पेंशन, पालनहार और विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं का लाभ भी जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच रहा है। मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं करने वाली सरकार आमजन हितैषी कैसे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसी सरकार है, जो समय पर बिजली और पानी की व्यवस्था नहीं करवा सकती और समय पर चुनाव तक नहीं करा सकती। जो सरकार आमजन की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं कर पाए, वह सरकार आमजन और किसानों की हितैषी होने का दावा कैसे कर सकती है। जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों और आमजन के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने गौमांस के निर्यात को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर पर गौमाता के मांस के एक्सपोर्ट का काम किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। नागौर विधायक हरेंद्र मिर्धा ने- पार्टी से गद्दारी करने वालों को निष्कासित करने और पंचायती राज चुनाव में टिकट सोच विचार कर फीडबैक के साथ देने की बात कहीं।
Back To Top