कार-टकराने के विवाद में युवती के साथ अभद्रता की थी:बचाव में आए पति को भी पीटा था,परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में 27 जून को कार टकराने के बाद हुए विवाद को लेकर पुलिस कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि विवाद के दौरान युवती से अभद्रता की गई, उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश हुई और बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पति के साथ कथित तौर पर जानलेवा मारपीट की गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना को 2 महीने बीत गए, पुलिस को वारदात के सीसीटीवी फुटेज, फोटो और वीडियो भी उपलब्ध कराए गए, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कार टकराने के बाद बढ़ा विवाद पीड़िता ने पुलिस में दी शिकायत के मुताबिक 27 जून की शाम करीब 5:15 बजे वह अपनी भाभी के साथ तिलक नगर स्थित घर से जगतपुरा स्थित सैलून जा रही थी। इसी दौरान जगतपुरा की सर्विस लेन में स्विफ्ट कार ने उनकी कार को साइड से टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान कुछ युवकों ने उसके साथ अभद्रता की। जब इस घटना का वह और उसकी भाभी वीडियो बनाने लगे तो आरोपियों ने उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की। पीड़िता का आरोप है कि उसके दोनों हाथ पकड़े गए, उसके साथ हाथापाई की गई और उसे जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर उसके सिर पर भी हमला किया गया। पति के साथ भी मारपीट की विवाद बढ़ने पर पीड़िता की ननद ने अपने भाई यानी उसके पति को मौके पर बुलाया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उसके पहुंचते ही दूसरे पक्ष के युवक ने अपने 7-8 साथियों को बुला लिया। और उसके पति के साथ मारपीट की, जिससे युवक के चेहरे में फ्रैक्चर हुआ, एक दांत टूट गया और सिर पर भी टांके आए थे। उसकी आंख में भी गंभीर चोट लगी और क्लोट आने की बात सामने आई है। शादी के 3 दिन बाद नवविवाहिता से अभद्रता पीड़ित परिवार के मुताबिक युवती की शादी वारदात से महज तीन दिन पहले 23 जून को हुई थी। शादी की मेहंदी भी पूरी तरह नहीं उतरी थी और परिवार में शादी के बाद के कार्यक्रम होने थे। लेकिन घटना के बाद पूरा परिवार डर और सदमे में है। CCTV और वीडियो देने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद रामनगरिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों की फोटो और अन्य वीडियो उपलब्ध करवाए गए। इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। तो परिजन कमिश्नर के पास शिकायत लेकर पहुंचे थे। कमिश्नर सचिन मित्तल के हस्तक्षेप के बाद मामले की जांच एयरपोर्ट थाने को दी गई। मामले में एयरपोर्ट थानाधिकारी विनोद कुमार वर्मा ने कहा कि मामले में जांच कर ली गई है। तीन लोगों के खिलाफ अपराध प्रमाणित हुआ है और मामले में न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी। थानाधिकारी ने कहा कि वारदात के 8 दिन बाद ही 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था,जबकि तीसरे की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार तीन लोगों के खिलाफ अपराध प्रमाणित हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश शर्मा और उसका भाई सत्यनारायण शर्मा, निवासी टीलावाला, जगतपुरा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है। परिजनों का आरोप-पुलिस मामले को दबा रही परिजनों का आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज में 6 लोग मारपीट करते दिख रहे हैं। पुलिस 3 लोगों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर मामले को क्यों दबा रही है। साथ ही पीड़ित ने कहा कि आरोपियों की ओर से धमकी भी दी गई थी कि यदि एफआईआर या केस करने की कोशिश की तो उन्हें ढूंढकर मार दिया जाएगा। ऐसे में परिवार को अभी भी आरोपियों से खतरा है।
Back To Top