राजस्थान में लगातार दूसरे दिन बारिश के अलर्ट (भविष्यवाणी) के बावजूद बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन इसके उलट केवल 4 जिलों में ही हल्की बारिश देखने को मिली। शेष जिलों में पूरे दिन मौसम साफ रहा। मौसम विभाग ने रविवार को भी 14 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मानसून के सुस्त होने से दिन का पारा चढ़ने से गर्मी-उमस बढ़ गई है। प्रदेश में बारिश की स्थिति मानसून के बड़े अपडेट्स सबसे ज्यादा बरसात धौलपुर में: शनिवार को धौलपुर के राजाखेड़ा में 21MM दर्ज हुई। राजाखेड़ा के अलावा बसेड़ी में 4MM, अलवर के लक्ष्मणगढ़ में 10, कठूमर में 5, भरतपुर के नगर में 3MM पानी बरसा। इधर डूंगरपुर के चिखली में हल्की बूंदाबांदी हुई। इधर जयपुर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में भी मौसम पूरी तरह साफ रहा। चित्तौड़गढ़, कोटा, पिलानी, सीकर, चूरू, गंगानगर में बारिश नहीं होने से तापमान सामान्य से 3 डिग्री तक ऊपर चला गया। तापमान 35 डिग्री या उससे ऊपर: राज्य में बारिश नहीं होने से गर्मी-उमस बरकरार है। शनिवार को राज्य के 9 शहरों में गर्मी तेज रही, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस गंगानगर जिले में दर्ज हुआ। ये शहर सबसे गर्म रहे मानसून ट्रफ नॉर्थ में अटकी: मौसम विशेषज्ञों ने बताया- पिछले कुछ दिनों से मानसून ट्रफ अपनी सामान्य पॉजिशन से उत्तर की तरफ बनी हुई है और वहीं अटकी है। मानसून ट्रफ वर्तमान में अमृतसर, नजिबाबाद, हरदोई से होते हुए वेल मार्क लो-प्रेशर एरिया (पूर्वी मध्य प्रदेश) से गुजर कर जमशेदपुर, दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। इस कारण पंजाब, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड के एरिया में कई जगह अच्छी बारिश हो रही है। आगे कैसा रहेगा मौसम राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर: बारिश का दौर कमजोर रहने के कारण तापमान बढ़ गया है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ऊपर रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर में दिनभर आसमान में हल्की धूप रही, जबकि शाम को कुछ जगह हल्के बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। उदयपुर: शनिवार सुबह से बादल छाए रहे। दिन में धूप निकली। फिर शाम चार बजे बाद घने बादल छा गए। ठंडी हवा भी चली। उदयपुर शहर से लेकर जिले भर में शनिवार को कहीं भी बारिश नहीं हुई है। अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री दर्ज किया गया। अलवर: तेज धूप के कारण दिनभर गर्मी रही। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। वहीं, शाम को जिले में अचानक बादल छा गए। मौसम विभाग के अनुसार अलवर में 27 अगस्त तक बारिश और गरज-चमक के हल्की बारिश की संभावना है। कोटा: जिले में बारिश का दौर कमजोर पड़ गया है। शनिवार को अलर्ट के बाद भी कोटा में बारिश नहीं हुई। लोग गर्मी और उमस से परेशान रहे। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने कोटा संभाग में 24 अगस्त तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अजमेर: मानसून की सुस्ती शनिवार को भी जारी रही। मौसम विभाग ने बरसात की उम्मीद जताई, लेकिन धूप और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री रहा। जोधपुर: शनिवार को मौसम सामान्य बना रहा। दिन में धूप रही, जिससे उमस बढ़ गई। अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने 5 दिन तक बारिश की संभावना नहीं जताई है। सीकर: शनिवार सुबह हल्के बादल छाए रहे। इसके बाद तेज धूप निकली। दोपहर 3 बजे बाद से फिर बादल छाए। शाम को हल्की हवा भी चली। सीकर जिलेभर में शनिवार को कहीं भी बारिश नहीं हुई है। मौसम केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री दर्ज किया गया।

