टोंक में रोडवेज बस और टैक्सी के बीच टक्कर हो गई। इसमें कार चला रहे ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सात महिला-पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर राजकीय जिला चिकित्सालय मालपुरा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। मामला मालपुरा थाना क्षेत्र से गुजर रहे जयपुर-भीलवाड़ा स्टेट हाईवे पर अविकानगर टोल प्लाजा के पास का है। हादसे में कार चालक राशिद पुत्र अख्तर खान, निवासी हरसोली, थाना गोविंदगढ़, जिला अलवर की मौत हो गई। डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया गया। घायलों में घनश्याम धानका निवासी सरदारपुरा आमेर, रामप्रसाद धानका एवं हजारीलाल धानका निवासी खेड़ा जगन्नाथपुरा, चाकसू गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया। इसके अलावा नोरतमल जैन निवासी मालपुरा तथा छोटा देवी कहार निवासी टोरडी को चोटें आने पर मालपुरा जिला अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज जारी है। आमने-सामने हुई भिड़ंत राजकीय जिला चिकित्सालय मालपुरा के पीएमओ डॉ. पीयूष राज सिंह के निर्देशन में डॉ. राजेंद्र चंदेल, वार्ड प्रभारी संजय शर्मा की निगरानी में डॉक्टरों की टीम घायलों का उपचार कर रही है। अस्पताल प्रशासन ने गंभीर घायलों के उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में शोक की लहर है, वहीं घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। इनपुट: दीपांशु पाराशर, डिग्गी।

