जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए इतनी ‘जोड़-तोड़’ क्यों?:कहीं बाड़ेबंदी, कहीं ‘अपहरण’; विधायक और जिला प्रमुख में किसके पास ज्यादा पावर, फंड और सुविधाएं?

चाहे गोलियां चल जाए, मर्जी आए जो तानाशाही कर लेना, भरतपुर में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। ये बयान था कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का। दरअसल, राजस्थान में 25 नवंबर को जिला प्रमुख के चुनाव होने हैं। जिला परिषद सदस्यों के नतीजे आने के बाद से ही कांग्रेस और भाजपा समेत दूसरी पार्टियां रणनीति बनाने और जोड़-तोड़ में जुट गई हैं। कहीं कड़ी बाड़ेबंदी हो रही है तो कहीं सदस्यों के ‘अपहरण’ तक के आरोपों से जुड़ी खबरें भी आईं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इस कुर्सी के लिए इतनी जोड़-तोड़ क्यों चल रही है? क्या विधायक से भी ज्यादा ताकतवर होते हैं जिला प्रमुख? किसके पास ज्यादा फंड और किसका प्रोटोकॉल है बड़ा? आज राजस्थान एक्सप्लेनर में यही समझते हैं… सवाल-1: जिला प्रमुख चुनाव के लिए पार्टियों में इतनी जोड़-तोड़ क्यों हो रही?
जवाब: राजस्थान में जिला प्रमुख का चुनाव सीधे जनता नहीं करती है। पहले मतदाता जिला परिषद सदस्य चुनते हैं। इसके बाद चुने हुए सदस्य जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख चुनते हैं। अगर किसी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत है तो उम्मीदवार आसानी से जीत सकता है। मुकाबला करीबी हो या निर्दलीय सदस्यों की संख्या निर्णायक हो तो हर सदस्य की अहमियत बढ़ जाती है। इसी वजह से जिला प्रमुख का चुनाव दिलचस्प हो जाता है। ऐसे में पार्टियां अपने जीते हुए सदस्यों को एकजुट रखने की कोशिश करती हैं। उन्हें दूसरी पार्टी के संपर्क में जाने से रोकना, अपने उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन जुटाना और निर्दलीय सदस्यों को साथ लाना चुनावी रणनीति का हिस्सा बन जाता है। इस बार 37 जिला प्रमुख के चुनाव 25 नवंबर को होने हैं। हालांकि, चार जिलों श्रीगंगानगर, कोटा, बारां, करौली में मतगणना 17 दिसंबर को होनी है, वहां जिला प्रमुख का चुनाव 22 दिसंबर को होगा। सवाल-2: जिला प्रमुख और विधायक में से किसके पास ज्यादा पावर होती है?
जवाब: इसे सीधे समझने की बजाए दोनों के अधिकारों के जरिए समझने की कोशिश करते हैं। जिला प्रमुख की सबसे बड़ी ताकत जिला परिषद और ग्रामीण विकास से जुड़ी है। राजस्थान पंचायती राज अधिनियम की धारा 35 के तहत जिला प्रमुख जिला परिषद की बैठक बुलाते हैं, उसकी अध्यक्षता करते हैं और बैठक का संचालन करते हैं। उन्हें जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और जिला परिषद के अधिकारियों-कर्मचारियों पर प्रशासनिक निगरानी का अधिकार भी दिया गया है। जिला प्रमुख जिला परिषद के वित्तीय और कार्यकारी प्रशासन की निगरानी करते हैं। पंचायत समितियों के कामकाज का निरीक्षण कर सकते हैं। ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में मार्गदर्शन दे सकते हैं। प्राकृतिक आपदा में प्रभावित लोगों को तत्काल राहत देने के लिए CEO से सलाह लेकर एक साल में कुल एक लाख रुपए तक की मंजूरी भी दे सकते हैं। इसकी जानकारी अगली जिला परिषद बैठक में रखनी होती है। विधायक की सबसे बड़ी ताकत विधानसभा और राज्य सरकार से जुड़ी है। विधायक विधानसभा में कानून बनाने की प्रक्रिया में हिस्सा लेते हैं। सरकार से सवाल पूछ सकते हैं, बजट पर चर्चा कर सकते हैं और जनहित के मुद्दे उठा सकते हैं। क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा और सीधे सरकार तक पहुंचा सकते हैं। विधायक का अधिकार सिर्फ ग्रामीण विकास तक सीमित नहीं होता। उनका निर्वाचन क्षेत्र शहर और गांव दोनों में हो सकता है। राज्य सरकार के विभागों से अपने क्षेत्र के कामों के लिए बजट और कार्रवाई की मांग कर सकते हैं। यानी जिला प्रमुख जिला परिषद के कामकाज का नेतृत्व करते हैं, जबकि विधायक के पास राज्य स्तर पर कानून और सरकार की जवाबदेही से जुड़े अधिकार होते हैं। सवाल-3: विधायक या जिला प्रमुख, किनके पास फंड ज्यादा होता है?
जवाब: विधायक और जिला प्रमुख के पास जो पैसा आता है, वह उनकी निजी रकम नहीं होती। यह सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए निर्धारित बजट होता है। विधायक के पास MLA LAD फंड होता है। राजस्थान में विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना यानी MLA LAD के तहत हर विधानसभा क्षेत्र के लिए सालाना 5 करोड़ रुपए का आवंटन तय है। विधायक इस राशि से अपने क्षेत्र में सड़क, पानी, स्कूल भवन, हॉस्पिटल, सामुदायिक केंद्र, खेल मैदान और दूसरी सार्वजनिक सुविधाओं के कामों की अनुशंसा कर सकते हैं। इस राशि का कम से कम 20 प्रतिशत अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लोगों के विकास के लिए अनुशंसा करना अनिवार्य है। विधायक इस फंड से सीधे अपनी मर्जी से पैसा खर्च नहीं करते। वह कामों की सिफारिश करते हैं और संबंधित प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद स्वीकृति व क्रियान्वयन होता है। जिला प्रमुख के पास जिला परिषद का बजट और योजनाएं होती हैं। जिला परिषद को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, वित्त आयोग के अनुदान और अन्य मदों से बजट मिलता है। इस राशि से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जाते हैं। जिला परिषद पंचायत समितियों की योजनाओं के बीच समन्वय करती है और उनके बजट की समीक्षा और स्वीकृति में भूमिका निभाती है। राजस्थान के छठे राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक जिला परिषद के कामों में पंचायत समितियों की विकास योजनाओं का समन्वय और उनके बजट की जांच व मंजूरी शामिल है। जिला प्रमुख के सामने पूरे जिले के ग्रामीण विकास का बजट और योजनाएं होती हैं, जबकि विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए सालाना 5 करोड़ रुपए के MLA LAD फंड की अनुशंसा का अधिकार है। सवाल-4: किसका प्रोटोकॉल बड़ा होता है, जिला प्रमुख या विधायक?
जवाब: प्रोटोकॉल के मामले में भी दोनों की भूमिका और पद अलग हैं। विधायक विधानसभा के निर्वाचित सदस्य होते हैं। उन्हें राज्य की व्यवस्था में संवैधानिक भूमिका और विशेषाधिकार प्राप्त हैं। जिला प्रमुख जिले की जिला परिषद का निर्वाचित अध्यक्ष होता है। ग्रामीण विकास और जिला परिषद से जुड़े सरकारी कार्यक्रमों में उनकी प्रमुख भूमिका रहती है। सरकारी कार्यक्रमों में बैठने की व्यवस्था या मंच पर स्थान तय करते समय संबंधित कार्यक्रम के नियम, जारी प्रोटोकॉल निर्देश और आयोजन का स्वरूप देखा जाता है। इसलिए हर जिले और हर कार्यक्रम के लिए एक ही स्थायी क्रम नहीं होता। राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर विधायक की पहुंच राज्य सरकार और विधानसभा तक होती है, जबकि जिला प्रमुख की जिम्मेदारी मुख्य रूप से जिला परिषद और ग्रामीण विकास से जुड़ी रहती है। सवाल-5: जिला प्रमुख और विधायक के अधीन कौन-कौन से काम और अधिकारी आते हैं?
जवाब: जिला प्रमुख के कामकाज का दायरा जिला परिषद की बैठक बुलाना और उसकी अध्यक्षता करना। जिला परिषद के वित्तीय और कार्यकारी प्रशासन की निगरानी करना। जिला परिषद CEO और संबंधित अधिकारियों के कामकाज पर प्रशासनिक निगरानी रखना। पंचायत समितियों के कामों का निरीक्षण करना और उन्हें मार्गदर्शन देना। ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और पंचायतों के बीच समन्वय पर नजर रखना। ग्रामीण क्षेत्रों की जनसमस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा करना। हालांकि, जिला प्रमुख जिले के सभी सरकारी विभागों के प्रमुख नहीं होते। कलेक्टर, पुलिस, चिकित्सा, डिस्कॉम और अन्य विभाग अपने-अपने प्रशासनिक ढांचे के तहत काम करते हैं। जिला प्रमुख का अधिकार जिला परिषद और कानून के तहत उनके नियंत्रण या निगरानी में आने वाले कामों तक सीमित है। इसके अलावा 2 अक्टूबर 2010 को प्रारंभिक शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता विभाग, कृषि विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को जिला परिषदों को हस्तांतरित किया था। यानी ये विभाग भी जिला परिषद के अधीन आते हैं। विधायक के कामकाज का दायरा विधानसभा में अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाना। सरकार से सवाल पूछना और बजट पर चर्चा करना। अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए MLA LAD फंड से अनुशंसा करना। सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और दूसरी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाना। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेना और अधिकारियों से जवाब मांगना। विधायक किसी जिले के कलेक्टर या एसपी के प्रशासनिक प्रमुख नहीं होते। वह अधिकारियों को सीधे आदेश देने की जगह संबंधित विभाग और सरकार के सामने मुद्दे उठाते हैं। दोनों पदों पर जवाबदेही और अधिकारों की सीमाएं कानून से तय हैं। पूर्व जिला प्रमुख बोलीं- जनता से ज्यादा जुड़ाव का मौका मिलता पूर्व जिला प्रमुख बिंदू चौधरी बताती हैं कि जिला प्रमुख को जनता से ज्यादा जुड़ाव का मौका मिलता है। साथ ही शक्तियों के मामले में भी सही तरीके से उनका इस्तेमाल किया जाए तो ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ी कई समस्याओं से उन्हें राहत दिलाते हुए कई विकास कार्य कराए जा सकते हैं।
Back To Top