नमस्कार, पूर्व मुखियाजी ने पत्रकारों से कहा है कि ‘चौथी बार’ को आप डिकोड कीजिए। वैसे एक बयान देकर कृषि मंत्रीजी ने भी पत्रकारों का काम बढ़ा दिया है। सिरोही में पशुपालकों ने अनोखा प्रदर्शन कर दिया और जोधपुर में चाय वाले ने दुकान का नया नामकरण किया है। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. ‘चौथी बार’ और ‘मुंगेरीलाल के सपने’ तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके पूर्व मुखियाजी अपने ड्राइवर के सहयोग से खूब रील बनाते हैं। कहीं उन्हें पुराने कार्यकाल वाला गुलाबी थैला मिल जाता है। कहीं गुब्बारा लिए खड़े बच्चे मिल जाते हैं। कहीं फूल वाली मिल जाती है और कहीं ऐसे प्रशंसक मिल जाते हैं जो ‘चौथी बार’ वाला जुमला बोल जाते हैं। पूर्व मुखियाजी कहीं जाते हैं तो समर्थक नारेबाजी करने लगते हैं। समर्थक को कोई नेता कैसे रोक सकता है? लेकिन पूर्व मुखियाजी को दिल पर पत्थर रखकर समर्थकों को नारेबाजी से रोकना पड़ रहा है। एक बार मालवीयजी गहलोत साहब से मिले। वे फलां पार्टी छोड़कर घर वापसी कर रहे थे। इस दौरान मालवीयजी के समर्थकों ने ‘चौथी बार’ वाला नारा लगा दिया। इस पर संगठन वाले चीफ साहब काफी नाराज हुए। नियम बना दिया गया कि पार्टी और आलाकमान की जय बोलो, और किसी के नारे नहीं लगेंगे। बीच-बीच में वे प्रदेश की जनता से ‘मैं थांसू दूर नहीं’ कहकर जिज्ञासा बढ़ा देते हैं। फिर कहते हैं कि मुझे राजस्थान में रहकर ही जनता की सेवा करनी है। अगर आलाकमान चाहे तो… वे चाहते थे कि पत्रकार इशारा समझ जाएं। पत्रकारों ने इशारा समझा। पत्रकारों की मजबूरी यह है कि वे बयान को तोड़-मरोड़ भी सकते हैं लेकिन जब तक मन की बात साफ-साफ नहीं कही जाए, तब तक क्या करें? पत्रकार ने पूछ ही लिया- आपके बयान के क्या मायने हैं? पूर्व मुखियाजी ने प्रसन्न मुद्रा के साथ कहा- यह आपका काम है, डिकोडिंग कीजिए। पत्रकार डिकोडिंग का उलझा हुआ गुच्छा लेकर फूल वाली पार्टी के अध्यक्षजी के पास पहुंच गए। गहलोत जी कह रहे हैं कि चौथी बार मौका मिला तो राजस्थान की सेवा करना चाहूंगा। इस पर आप क्या कहेंगे? अध्यक्षजी ने बात को तुरंत डिकोड किया और चहकते हुए बोले- उनको मुंगेरीलाल के सपने देखने दो। पत्रकारों की उलझन यहीं खत्म नहीं हुई। वे गहलोत का बयान डिकोड कर ही रहे थे कि कृषि मंत्री किरोड़ी बाबा ने पंचायत चुनवा के रिजल्ट पर प्रतिक्रिया दे दी। बोले- हरियाणा में खट्टर को हटाकर सैनी को बैठा दिया था। इसके बाद पार्टी की प्रचंड जीत हुई थी। पत्रकारों को डिकोड करने के लिए फिर नया मैटेरियल मिल गया। डिकोडिंग का काम जारी है। 2. गाय, तेंदुआ और सांड गोपाष्टमी पर केंद्रीय राज्यमंत्री भागीरथ चौधरीजी ने कहा- इस दुनिया में सबसे दुखी प्राणी गाय है। मंत्रीजी की बात सही है। गाय को दुख होना चाहिए। गाय दूध देती है। दूध से कई आइटम बनते हैं। सारे इंसानों के काम आते हैं। गाय गोबर दे, उसका भी इस्तेमाल ईंधन और घर लीपने के लिए कर लेते हैं। कई तरह के बिजनेस भी लोगों ने गोबर से खड़े कर लिए। गोमूत्र से फिनाइल बन रहा है। इसके बाद भी कहीं कमी रह जाती है तो लोग गोशाला खोल लेते हैं और गायों के नाम पर चांदी कूटते हैं। गाय काम की न रहे तो इंसान उसे स्लॉटर हाउस में बेच सकता है। फिर बीफ और गाय तस्करी पर जमकर राजनीति कर सकता है। इस तरह गाय एक बहुद्देशीय योजना है। दूध-गोबर के अलावा गाय मुद्दे भी देती है। मुद्दों को भुनाना आना चाहिए। बस, फिर चाहे गाय सड़क पर मरे, चाहे लंपी से मरे, चाहे गोशाला में संक्रमण से मर जाए या भूख तड़पकर दम तोड़ दे, किसे फर्क पड़ता है? 15 दिन से सिरोही और आसपास के इलाके में पशुपालक अकाल का हवाला दे रहे थे। प्रशासन से मांग कर रहे थे कि गायों के लिए चारा-पानी नहीं है। मदद करो। प्रशासन कहां से मदद करे। वह तो चुनाव में उलझा है। फिलहाल के लिए गाय चुनावी मुद्दा नहीं है। जो चुनावी मुद्दा नहीं, उस पर समय और पैसा बर्बाद करने से क्या मतलब? लिहाजा पशुपालक अपनी आवाज उठाते रहे, लेकिन दुर्भाग्य से वे किसी के कान में नहीं पहुंची। पशुपालकों ने भी ठान लिया कि प्रशासन इस तरह नहीं सुनेगा। सैकड़ों पशुपालकों ने हजारों गायों को जुटाया और कलेक्टर कार्यालय की ओर चल पड़े। कार्यालय के आसपास हजारों गायें रंभाने लगीं। ज्यादातर की पसलियां दिख रही थीं। आंखें पनीली। किसान भी रोने लगे। इस अनोखे विरोध का असर ये हुआ कि सोशल मीडिया पर वीडियो घूमने लगे। प्रशासन के हाथ-पैर फूले। अफसर कमरों से दौड़े आए और बात की। वहीं, लोग आउटिंग का प्लान बनाते हैं और पूरे परिवार को लेकर हजारों रुपए खर्च कर तेंदुआ देखने जाते हैं। फिर बड़े शान से कहते हैं कि हमने तेंदुआ सफारी की। पाली के जवाई बांध से तस्वीरें आईं। पहाड़ी पर लेपर्ड देखने के लिए बड़ी संख्या में जीपों में सैलानी पहुंच गए। क्या देखेंगे? तेंदुए की पूंछ? शांत इलाकों में भी पर्यटन के नाम पर कोलाहल, शोर और कचरा फैलाया जा रहा है। यह सब भी प्रशासन को नहीं दिख रहा है। इधर, तिजारा में व्यापारी नाराज हैं। यहां सड़कों पर सांड घूमते हैं। नाराज सांडों को होना चाहिए। इंसान ने उनके चलने के लिए जगह ही नहीं छोड़ी। यारी दोस्ती में दो सांड बाजार में भिड़ गए। एक सांड ने दूसरे को मोबाइल की दुकान में ठेल दिया। व्यापारी और ग्राहकों में हड़कंप मच गया। 3. सरपंच पति का टी-स्टॉल पति अगर सरपंच हो तो पत्नी का खून बढ़ जाता था। गांव भर में इज्जत मिलती थी। पूरा गांव दुआ सलाम करता था। बाजार में निकल जाए तो सहेलियां सिफारिश की पर्ची थमा दिया करती थी। जोधपुर के शास्त्री सर्किल पर मांगीलाल 25 साल से चाय की दुकान चला रहे हैं। दुकान का नाम था देवासी धाकड़ टी स्टाल। मांगीलाल ने जाति और विशेषण के योग से सही नाम रखा था। दुकान चल निकली। पत्नी पूजा देवी भी दुकान के काम में हाथ बंटाती। थोड़ा पैसा बना तो मांगीलाल ने पत्नी को सरपंच के चुनाव में उतार दिया। चुनाव का नतीजा आया तो मांगीलाल की चांदी हो गई। पत्नी चुनाव जीत गई। उसके सरपंच बनते ही मांगीलालजी हवा में। उन्होंने सबसे पहला काम यह किया कि दुकान का नाम देवासी धाकड़ टी स्टॉल से बदलकर सरपंच टी स्टॉल कर दिया। अब सरपंच पति चाय बनाते हैं और दुकान के नाम के बारे में सबको खुशी से बताते हैं- पत्नी सरपंच हैं हमारी। 4. चलते-चलते.. पंचायत चुनाव की सीजन गुजर गया। पंच सरपंच बन गए। निकाय के चुनाव पहले ही सलट लिए। अब जिला प्रमुख प्रधान बन रहे हैं। इस बार के पंचायत चुनाव में हनुमान बेनीवाल की पार्टी ने कमाल का प्रदर्शन किया। बेनीवालजी का प्रदेश में एक भी विधायक नहीं। अकेले खुद एकमात्र सांसद हैं। पंचायत के चुनाव में उन्होंने बहुत मेहनत की। दिनरात सभाएं कीं। युवाओं की हनुमान सेना तैयार की। हजारों किलोमीटर तक दौरे किए। आधी रात सभाएं की। लोगों को जोड़ा। विश्वास में लिया। टिकट बांटे। सारा झमेला सहा। कई कैंडिडेट चुनाव की बाद दूसरे पाले में चले गए। दूसरे पालों के लोग भी पार्टी बदलकर उनके पास आने लगे। डीजे वालों की विशेष मेहरबानी रही। गांव-गांव युवा डीजे बजाकर दूसरों के चुनाव अभियान प्रभावित करते रहे। शादी में भी डीजे पर हनुमान बेनीवाल के गाने चल रहे हैं। इन्हीं पर जोरदार डांस चल रहा है। इनपुट सहयोग- जयदीप पुरोहित (जोधपुर), नीरज हरिव्यासी (सिरोही)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।

