विदाई तक बहन से छिपाई पापा की मौत की खबर:बेटा बोला-32 बार फोन करने पर भी एंबुलेंस नहीं आई, शव देख मां की तबीयत बिगड़ी

पापा का शव हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखा था। मैं घर आ गया। मैंने मां और बहन से कहा कि पिताजी ICU में भर्ती हैं। कल उनका ऑपरेशन होगा इसलिए हमें शादी की रस्में जल्दी निभानी पड़ेंगी । बहन जब ससुराल पहुंची तब उसे फोन करके बताया कि पापा नहीं रहे। यह कहना है उदयपुर के ऋषभदेव निवासी दिलीप मेघवाल का। 20 नवंबर को उनकी बहन प्रियंका के शादी कार्यक्रम में डांस करते समय पिता शंकरलाल की हार्ट-अटैक से मौत हो गई थी। बहन की शादी में रुकावट न आए इसलिए भाइयों ने बहन और मां को मौत की खबर नहीं दी। बेटे का आरोप है कि पापा की तबीयत बिगड़ने पर एंबुलेंस को 32 बार कॉल किया, लेकिन फोन नहीं उठा। दिलीप ने बताया- बहन की विदाई के वक्त मेरी रुलाई फूट पड़ी, लेकिन मैंने अपने को संभाला। शादी के दौरान दिल पर पत्थर रखकर पिता की मौत के गम को छिपाए रखा।
एंबुलेंस के लिए 32 बार कॉल लगाया, फिर भी नहीं उठाया
दिलीप ने बताया- पापा 20 नवंबर को बहन के शादी कार्यक्रम में डांस कर रहे थे, तभी अचानक उनके सीने में दर्द उठा और बेचैनी होने लगी। तब हमने 104 और 108 नंबर पर एंबुलेंस बुलाने के लिए करीब 32 बार फोन लगाया, लेकिन कॉल अटेंड नहीं​ हुआ। इसके बाद कार से पापा को ऋषभदेव हॉस्पिटल ले गए। वहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया। दिलीप ने बताया- मजबूरन पापा को निजी कार में निजी हॉस्पिटल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत ​घोषित कर दिया। छोटे बेटे ने कहा-मां की तबीयत बिगड़ी, हॉस्पिटल में कराया भर्ती
छोटे बेटे उमेश मेघवाल ने कहा- ससुराल पहुंचने पर बहन को जब ये बताया कि पिताजी का निधन शादी के एक दिन पहले ही हो गया था तो वे हम दोनों भाइयों से नाराज हो गई। उन्होंने हमें डांटा कि एक बार मुझे बता देते। अंतिम समय में मैं भी पिताजी से मिल लेती। उमेश ने बताया कि पिता के जाने के बाद मां गीतादेवी को भी सदमा लगा है। वो रह-रहकर पिता की हर बात और उनके साथ बिताए पल याद कर रही हैं। उन्हें एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
Back To Top