एक परिवार में सिर्फ 9 साल का बच्चा बचा:दूसरे में पिता और 3 साल का बेटा; कोटा हादसे में 3 परिवार के 9 की मौत

कोटा में नेशनल हाईवे पर शनिवार रात हुए हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के धुले से तीन भाइयों के परिवार और उनके रिश्तेदार समेत कुल 36 लोग धार्मिक यात्रा पर निकले थे। हादसे के बाद अब किसी परिवार में सिर्फ एक बच्चा बचा है तो किसी परिवार में पिता और 3 साल का मासूम जिंदा हैं। परिवार के बाकी लोग हादसे का शिकार हो गए। दरअसल,कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार देर रात करीब एक बजे तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। क्रूजर में एक परिवार के 15 लोग सवार थे। परिवार के लोग 17 नवंबर को उज्जैन, ओंकारेश्वर, पुष्कर, सालासर बालाजी, सांवलिया सेठ और खाटूश्याम जी के दर्शन कर 5 दिन बाद घर लौट रहे थे। 3 गाड़ियों में सवार थे 36 लोग, जयपुर में खाना खाने के बाद एक गाड़ी आगे निकल गई महाराष्ट्र के धुले से पंवार परिवार के सदस्य 17 नवंबर की रात करीब 11 बजे तीन क्रूजर गाड़ियों से तीर्थयात्रा के लिए निकले थे। तीनों परिवार के लोग 5 दिन तक उज्जैन में महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर सहित राजस्थान में पुष्कर, सालासर बालाजी, सांवलिया सेठ और खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद हंसते-नाचते हुए शनिवार शाम साढ़े 4 बजे घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे जयपुर के आगे एक ढाबे पर सभी ने साथ बैठकर खाना खाया। खाने के बाद एक क्रूजर बाकी दोनों गाड़ियों से करीब आधा घंटा पहले आगे निकल गई। 45 किलोमीटर दूर हुआ हादसा किसी को अंदाजा नहीं था कि यह आधे घंटे की बढ़त और पीछे आ रहे अपनों से महज 45 किलोमीटर का फासला एक ही कुनबे की तीन पीढ़ियों को निगल जाएगा। रात करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच कोटा के नांता इलाके के शंभूपुरा में हाईवे पर खराब खड़े ट्रक में क्रूजर पीछे से जा घुसी। हादसे के समय पीछे वाली गाड़ी में आ रहे प्रदीप के फोन पर भांजी ने कॉल किया और मोबाइल पर लाइव लोकेशन भेजी। भांजी ने घबराई आवाज में कहा- हमारा एक्सीडेंट हो गया है, आ जाओ जल्दी से। हादसे का शिकार हुई क्रूजर में ड्राइवर सहित कुल 16 लोग सवार थे। जगदीश के सिर से उठा माता-पिता और बहन का साया परिवार के सदस्य प्रदीप ने बताया- क्रूजर में दो भाई बाबूलाल और सज्जन का परिवार और उनके पोते यानी भाई के बेटे कैलाश का परिवार बैठा था। हादसे में कैलाश पंवार (32), उनकी पत्नी अनीता (28) और 13 साल की बेटी जाह्नवी की मौत हो गई। चार लोगों के इस हंसते-खेलते परिवार में अब सिर्फ 9 साल का मासूम जगदीश ही बचा है। उसे मामूली चोट आई है। हादसे के बाद जगदीश को भी जब इमरजेंसी में लाया गया तो उसे ये पता नहीं था कि उसके माता-पिता अब नहीं रहे। वह अपने रिश्तदारों से पूछ रहा था तो सब यही बताते रहे कि उन्हें चोट लगी है, इलाज चल रहा है। जगदीश का इलाज कर उसे धुले रवाना कर दिया गया है। मां-बाप, पत्नी और बेटी की मौत… बाप-बेटे ही बचे हादसे में सज्जन पंवार (70), उनकी पत्नी ऊषा (60), बहू माधवी (28) और पोती सान्वी (6) की मौत हो गई। सज्जन के परिवार में 6 लोग थे। सभी मंदिरों के दर्शन के लिए निकले थे। परिवार में अब बेटा गणेश (32) और पोता श्रीजीत (3) बचे हैं। अस्पताल में भर्ती, अपनों की मौत से अनजान सज्जन के भाई बाबूलाल पंवार (65) और उनकी पत्नी सुशीला (60) की भी हादसे में मौत हो गई। उनके बेटे, बहू और पोती घायल हैं। परिजनों ने अभी तक उन्हें नहीं बताया कि उनके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके बेटे शरद होश में हैं, लेकिन चोटिल हैं। शरद, उनकी पत्नी मनीषा और बेटी मयूरी अस्पताल में भर्ती हैं। उनका इलाज चल रहा है। मयूरी और सुनीता को ज्यादा चोटें आई हैं। हाईवे पर अंधेरे में खड़ा ट्रक, 100 की रफ्तार बनी काल पुलिस की अब तक की जांच में ये बात सामने आई कि शंभूपुरा के पास सड़क पर खराब खड़ा ट्रक अंधेरे में क्रूजर ड्राइवर को दिखाई नहीं दिया। ट्रक की न तो बैकलाइट जल रही थी और न ही पीछे कोई रिफ्लेक्टर या संकेतक लगाया गया था। ऐसे में ट्रक ड्राइवर की लापरवाही इस हादसे का बड़ा कारण रही। हालांकि हादसे में ट्रक ड्राइवर हारून भी घायल हो गया। हारून का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं ट्रक ड्राइवर हारून का दावा है कि गाड़ी खराब होने पर मैं ट्रक के ठीक पीछे खड़ा होकर चेक कर रहा था। पीछे से आने वाले वाहनों को टॉर्च दिखाकर संकेत दे रहा था। ये खबर भी पढ़ें राजस्थान में खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, 9 की मौत:सभी एक ही परिवार के; खाटूश्यामजी से लौट रहे थे
Back To Top