उदयपुर जिले में बेटी के शादी समारोह में नाच रहे पिता की मौत हो गई। पिता बेटी की बिंदोरी में डांस कर रहे थे इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें ऋषभदेव हॉस्पिटल ले गए। जहां से उन्हें उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। उदयपुर पहुंचने पर डॉक्टरों ने शंकरलाल को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। बेटे ने मां और बहन से कहा कि पिताजी अभी आईसीयू में भर्ती हैं। बात करने की स्थिति में नहीं हैं। शादी अगले दिन दोपहर में होने वाली थी, लेकिन परिजनों ने लड़के वालों को रात में ही बुलाकर फेरे करवा दिए। बेटी की डोली उठने के बाद पिता शंकर लाल का अंतिम संस्कार किया गया। मामला ऋषभदेव उपखंड क्षेत्र के पटियार (भूधर) गांव का 20 नवंबर देर रात का है। शंकरलाल मेघवाल (51) अहमदाबाद में निजी कंपनी में ड्राइवर थे। उनके तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी प्रियंका की शादी थी। प्रियंका से छोटे दो बेटे हैं। बिंदोरी में नाचते समय बिगड़ी तबीयत रिटायर्ड टीचर नारायण लाल मेघवाल ने बताया- शंकरलाल मेघवाल की बेटी प्रियंका (26) की 21 नवंबर को दोपहर में शादी थी। 20 नवंबर देर रात बिंदोली में शंकरलाल मेघवाल डांस कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सीने में दर्द होने लगा। शंकरलाल के दोनों बेटे दिलीप मेघवाल (24) और उमेश मेघवाल (22) ने परिजनों के साथ अपनी कार में पिता को ऋषभदेव के हॉस्पिटल ले गए। डॉक्टरों ने शंकर को उदयपुर रेफर कर दिया, परिजन उदयपुर पहुंचे तो डॉक्टरों ने शंकरलाल को मृत घोषित कर दिया। एक दिन पहले रात में ही आई बारात शंकरलाल की मौत के बाद समाज के दो लोग लड़के वालों के यहां पहुंचे और घटना के बारे में बताया। इसके बाद दूल्हे के साथ परिवार के 15-20 लोग 25 किलोमीटर दूर चनावदा गांव से 20 नवंबर को ही बारात लेकर आ गए। रात 3 बजे तक फेरे करवा लिए गए। इसके बाद 21 नवंबर को शंकरलाल का अंतिम संस्कार किया गया।

