मंत्रीजी के घर में ‘सपरिवार हार’:नतीजे देख फूले नहीं समाए ‘डोटासरा-जूली’; काउंटिंग के बीच ‘तीन-पत्ती’

नमस्कार, मंत्रीजी ने पूरे परिवार को पंचायत चुनाव के मैदान में उतार दिया। यह बात शायद जनता को रास नहीं आई। नतीजों के बाद पीसीसी चीफ और नेता प्रतिपक्ष खूब गले मिले। मतदान केंद्र में तीन-पत्ती का खेल हो गया और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर ने भी चुनाव जीत लिया। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. काउंटिंग के बाद अब ‘अकाउंटेबिलिटी’ बीते कुछ वक्त में यूडीएच मंत्रीजी टेंशन में नजर आ रहे थे। रह-रहकर गुस्सा जाहिर कर रहे थे। चुनाव के नतीजों के बाद उनकी टेंशन खत्म हो गई। घर के सभी सदस्य राजनीति करने लग जाएं तो घर में साधारण चर्चा हो ही नहीं सकती। हर बात सियासी होगी। यही होने वाला था मंत्रीजी के घर में। उनकी पत्नी भी चुनावी मैदान में कूद गई थीं। मंत्रीजी के कारण उन्हें पार्टी का सिंबल भी मिल गया। छोटे बेटे ने कहा कि मैं भी चुनाव लड़ूंगा। उसे भी टिकट मिल गया और वह भी चुनाव में उतर गया। इसके बाद बड़े बेटे ने अपनी राह खुद बनाने का फैसला किया और वह भी निर्दलीय मैदान में कूद गया। मंत्रीजी के भाई-बंधु तक मैदान में कूद गए। जब चुनाव प्रचार खर्रामय हो गया तो मतदान का दिन आया। जनता ने जोश से वोट दिया। खर्रा परिवार ने कुछ महीनों पहले ही गांव में जोरदार विवाह समारोह किया था। पूरे गांव को न्योता दिया था। बड़े-बड़े नेतागण आए थे। राज्यपाल साहब को तो वहीं शादी के टेंट में गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया गया था। गांव के सभी लोग जीम कर गए थे। पता नहीं खटास कहां से आ गई कि रिजल्ट वाले दिन चुन-चुन कर खर्राओं को हराया। मंत्रीजी के पत्नी, दोनों बेटे, भाई का परिवार सब चित हो गए। एक वोटर ने कहा- मंत्रीजी अपने ही परिवार को जिला प्रमुख, प्रधान बनाना चाहते हैं, जनता की बारी भी आने दें। 2. मतगणना के बीच तीन पत्ती यूं तो राजनीति खुद ताश के पत्तों का खेल है। कभी दुग्गी पर तिग्गी आ जाती है तो कभी-कभी नहले पर दहला। राजनीति में भी अपने पत्ते छुपाकर रखे जाते हैं और वक्त आने पर खोले जाते हैं। कभी-कभी कोई नेता तुरूप का इक्का साबित हो जाता है और कभी-कभी जनता वोट डालकर किसी को बादशाह से जोकर बना देती है। राजनीति में भी रानी और गुलाम पाए जाते हैं। पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने नहले पर दहला कर दिया। वहीं RLP और BAP जैसे दलों ने भी दुग्गी तर तिग्गी साबित होने का काम किया ही है। इस तरह जनता को वोट के रूप में जो हथियार मिला, उससे वह ताश का खेल खेल गई। कोई हवा में न उड़े कि पत्ते उसी ने पीसे हैं। उसी ने बांटे हैं। उसी ने काटे हैं। उसी ने चले हैं। सारा खेल पब्लिक का है। बेचारे सरकारी कर्मचारी भी पब्लिक ही हैं। बाड़मेर के कॉलेज में मतगणना चल रही थी। एजेंट मतगणना कक्ष की जालियां पकड़कर गिनती का मुजाहिरा कर रहे थे। मीडिया वाले कैमरे तानकर पहले रिजल्ट की आस में डायरी पेन संभाले हुए थे। ऐसे में एक कर्मचारी को ताश के खेल की याद आ गई। उसने मतगणना के लिए रखे कंप्यूटर पर ही तीन पत्ती शुरू कर दी। अब ये बात एक खबरची से नहीं पची। उसने कंप्यूटर की स्क्रीन पर कैमरा जूम कर दिया। साथी कर्मचारी ने अपने मित्र को चेताया। कहा- भाई बंद कर ले, काम पर ध्यान दे। 3. राजसमंद में जीत गई इन्फ्लूएंसर जोधपुर में थाली भरकर रोट और लोटा भरकर देसी घी डालकर खाने वाले ज्योतिषी महाराज पंच-सरपंच का चुनाव हार गए थे। उन्हें लगा कि सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, तो गांव वाले भी उन्हें जीत का सेहरा पहना देंगे। यही बात भीलवाड़ा के बॉडी बिल्डर ने सोची थी। उसके भी लाखों फॉलोअर्स थे। सोशल मीडिया पर धूम मचा रखी थी, लेकिन सरपंच के चुनाव में जनता ने बॉडी बिल्डर को चित कर दिया। भाई गांव पंचायत और पंचायत समिति के चुनाव वो जीतते हैं, जो गांव में टिकते हैं। लोगों के दुख-दर्द में शामिल होते हैं। महंगाई की मार के तले दबी जनता को आपका थालियां भर-भरकर खाना और डोले फुलाकर दिखाना पसंद नहीं है। आप गांव के लिए क्या कर सकते हो, इसकी परख जनता से ज्यादा किसी को नहीं होती। राजसमंद में केरल से आई एक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर पंचायत समिति चुनाव में भाग्य आजमा रही थी। सरपंचों के नतीजों के बाद लग रहा था कि निहारिका का नंबर भी आएगा। वह भी चित हो जाएंगी। लेकिन गांव आने के बाद उन्होंने जनता के जुड़ाव को प्रमुखता दी। गांव के घर-घर में गई। सब जगह एक ही बात कही कि जीत गई तो फिर यहीं गांव में रहकर लोगों की सेवा करूंगी। जनता ने उन्हें जीत का तोहफा दे दिया। पत्रकार ने फिर सवाल दोहराया- अब केरल तो नहीं चली जाएंगी। वे तपाक से अपने अंदाज में बोलीं- मिनखों और लुगायों, अब तो विकास करूंगी धड़ा-धड़। 4. चलते चलते.. राजस्थान में कांग्रेस ने गढ़ जीत लिया। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव का किला फतेह कर लिया। बड़े नेता जबरदस्त जोश में दिखे। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एक दूसरे से गले मिलकर बधाई दी। दोनों की खुशी की ठिकाना नहीं। पार्टी मुख्यालय पहुंचकर वे जय-वीरू की तरह चौड़े होकर घूमे। कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे थे। दफ्तर के बाहर आतिशबाजी चल रही थी। डोटासरा बोले- अब मुखियाजी दिल्ली जाकर इस्तीफा सौंप दें। भाजपा के नेता बड़बोले हैं। जनता तंग आ गई। सेमीफाइनल में ही हार गए। अब फाइनल में क्या ही खेलेंगे। नदियों में पानी लाने की बात कर रहे थे, लोगों की आंखों में पानी आ गया। चीफ साहब 2028 की कल्पना में खिले-खिले नजर आ रहे हैं। लेकिन अगर उनके दल ने बेहतर काम किए होते तो पिछला चुनाव हारते ही क्यों? नेता किसी भी पार्टी के हों, यह याद रखना चाहिए कि पब्लिक को आगा-पीछा सब याद रहता है। चुपचाप जनसेवा करने में ही भलाई है। इनपुट सहयोग- दिनेश श्रोत्रिय (राजसमंद)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब मंगलवार सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।
Back To Top