हॉस्पिटल के पास अंडरग्राउंड बिजली केबल में ब्लास्ट, आग लगी:पास में गुजर रही स्कॉर्पियो चपेट में आने से बची, दहशत में रहे लोग

टोंक में निजी हॉस्पिटल के पास अंडरग्राउंड बिजली लाइन की केबल में अचानक ब्लास्ट हो गया। विस्फोट के साथ उठीं आग की लपटों के बीच मौके से गुजर रही स्कॉर्पियो चपेट में आने से बच गई। इस दौरान हल्की बारिश से आग कुछ ही देर में बुझ गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद हॉस्पिटल में दहशत का माहौल रहा। घटना सोमवार शाम करीब 6:40 बजे हुई। सिलसिलेवार पढ़िए पूरा घटनाक्रम… 1. अंडरग्राउंड बिजली लाइन डाली गई सोनवा रोड स्थित बिजली निगम के बड़े ग्रिड से शहर के साथ-साथ मेहंदवास, छान और डारडा सहित कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति होती है। करीब एक माह पहले इन क्षेत्रों के लिए अंडरग्राउंड बिजली लाइन डाली गई थी, जो बंसल हॉस्पिटल के पीछे से होकर गुजरती है। 2. 15 दिन पहले आया था फॉल्ट डॉ. राजीव बंसल के अनुसार करीब 15 दिन पहले इसी अंडरग्राउंड लाइन में अस्पताल के पास फॉल्ट आया था। तकनीकी कर्मचारियों ने लाइन की मरम्मत की थी। आरोप है कि मरम्मत के बाद खोदे गए गड्ढे को ठीक से नहीं भरा गया और जिस स्थान पर केबल का ज्वाइंट लगाया गया था, वहीं बाद में समस्या बनी रही। 3. ज्वाइंट वाले स्थान पर हुआ ब्लास्ट सोमवार शाम करीब 6:40 बजे जॉइंट वाले स्थान पर अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। विस्फोट के साथ केबल में आग लग गई और ऊंची लपटें उठने लगीं। हादसे के समय अस्पताल में 20 से 25 मरीज भर्ती थे। 4. अस्पताल में मचा हड़कंप, अधिकारियों को दी सूचना ब्लास्ट और आग लगने के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। भर्ती मरीज, उनके परिजन और अस्पताल प्रबंधन घबरा गए। अस्पताल संचालक डॉ. राजीव बंसल ने तत्काल बिजली निगम और अन्य अधिकारियों को फोन कर स्थिति की जानकारी दी। लोगों का आरोप है कि सूचना के बावजूद मौके पर समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बाद में एक वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन उसमें सवार कर्मचारी स्थिति देखकर वापस लौट गए। 5. बारिश से बुझी आग, टला बड़ा हादसा इसी दौरान हुई हल्की बारिश के कारण करीब 15 मिनट में आग अपने आप बुझ गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग अधिक देर तक भड़कती रहती तो गंभीर नुकसान हो सकता था। घटना के बाद काफी देर तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। पूरी घटना अस्पताल के पीछे लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।
Back To Top