अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद से लगातार लिक्विड पेट्रोलियम गैस (LPG) की कीमतों में इजाफा हो रहा है। पेट्रोलियम कंपनियों ने रविवार रात एलपीजी गैस की कीमतों का रिव्यू करने के बाद एक बार फिर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर पर 42 रुपए की बढ़ोतरी की है। हालांकि घरेलु और दूसरे अन्य कैटेगिरी के सिलेंडर के दाम स्थिर रखे है। राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने बताया- कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए हैं, जिसकी नई रेट लिस्ट जारी की है। नई रेट लिस्ट के मुताबिक, राजस्थान में आज से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 3099 रुपए के बजाए अब 3141 रुपए में मिलेगा। घरेलू उपयोग के सिलेंडर की कीमतों में कंपनियों ने कोई बढ़ोतरी नहीं की है। इनकी कीमतों बाजार में आज भी घरेलू उपयोग का 14.2 किलोग्राम वाला सिलेंडर 916.50 रुपए में ही मिलेगा। जाने इस साल में कब-कब बढ़ी कीमतें इस साल में कॉमर्शियल सिलेंडर पर कंपनियों ने अब तक 6 बार से ज्यादा बार कीमतों में बढ़ोतरी की है। 31 दिसंबर तक 1608 रुपए में जो सिलेंडर मिलता था, जो अब 1 जून तक बढ़कर 3141 रुपए में हो गया। जनवरी में कंपनियों ने 111 रुपए, फरवरी में 49.50, मार्च में 141.50 रुपए, अप्रैल में 195 रुपए, मई में 993 और अब जून में 42 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की।

