बोलेरो कैंपर में पीछे खड़े 2-युवकों के सिर फटे, मौत:1 गंभीर हालत में अजमेर रेफर; रेलवे ओवरब्रिज से पहले लगे बैरियर से टकराए सिर

डीडवाना-कुचामन जिले में बोलेरो कैंपर में पीछे खड़े 3 युवकों के सिर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) से पहले लगे लोहे के बैरियर से टकरा गए। बैरियर से टकराने के कारण तीनों के सिर फट गए और खून बहने लगा। कैंपर में खून ही खून फैल गया। हादसे के बाद कैंपर का ड्राइवर तीनों को लहूलुहान हालत में प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां से उनको गंभीर हालत में सरकारी हॉस्पिटल रेफर कर दिया। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद 2 युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे को गंभीर हालत में अजमेर रेफर किया गया है। हादसा शनिवार को दोपहर करीब 2 बजे हुआ। दरअसल, मकराना-मंगलाना रोड पर जर्जर ROB से बड़े वाहनों को निकलने से रोकने के लिए ROB के दोनों तरफ लोहे के बैरियर लगाए गए हैं। पुष्कर जा रहे थे बोलेरो कैंपर सवार लोग
परबतसर थाने के SI वीरेंद्र सिंह ने बताया- कैंपर में मौलासर के बेड़वा गांव के 8 लोग सवार थे। इनमें 4 महिलाएं और 4 पुरुष थे। सभी लोग बेड़वा से पुष्कर जा रहे थे। कैंपर में सवार 3 युवक पीछे की तरफ खड़े थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों का ध्यान दूसरी तरफ था। इसी दौरान मंगलाना ROB पर लगे लोहे के बैरियर से तीनों के सिर टकरा गए। SI ने बताया- गाड़ी की स्पीड तेज होने के कारण तीनों के सिर बहुत तेजी से बैरियर से टकराए और उनके सिर फटने से खून बहने लगा। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने विकास (18) पुत्र बालाराम और दुर्गराम (21) पुत्र नारायणराम को मृत घोषित कर दिया। जयसिंह (21) पुत्र सुरेंद्र सिंह को गंभीर हालत में अजमेर रेफर किया गया है। एसआई वीरेंद्र सिंह ने बताया- हादसे की सूचना मिलने पर परबतसर पुलिस हॉस्पिटल पहुंची और घटना की जानकारी ली। दोनों मृतकों के शव राजकीय उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। ये खबर भी पढ़ें रिटायर्ड फौजी का चाइनीज मांझे से गला कटा, मौत:लहूलुहान हालत में बाइक से सड़क पर गिरे, 4 सेंटीमीटर गहरा घाव था कोटपूतली-बहरोड़ जिले में चाइनीज मांझे से गला कटने से सेना के पूर्व हवलदार की मौत हो गई। वह बाइक से खेत का काम निपटाकर घर जा रहे थे। घर से 6 किलोमीटर पहले वो लहुलूहान हालत में सड़क पर गिर पड़े। पूरी खबर पढ़ें
Back To Top