स्वतंत्रता दिवस पर नशे में स्कूल पहुंचा हेड मास्टर:नीचे गिरा तो हाथ-मुंह पर चोट लगी; ग्रामीणों ने उठाकर गद्दे पर बैठाया, खरी-खोटी सुनाई

बाड़मेर जिले के अंबाबाड़ी गांव में सरकारी स्कूल का हेड मास्टर स्वतंत्रता दिवस पर शराब के नशे में पहुंचा। नशे में होने के कारण वह नीचे गिर गया। उसके हाथ और मुंह पर चोट लग गई। लोगों ने उसे उठाया और स्कूल परिसर में गद्दा बिछाकर एक साइड में बैठा दिया। हेड मास्टर के नशे में होने के कारण स्कूल में ध्वजारोहण अन्य टीचर ने किया। ग्रामीणों ने टीचर को खूब खरी-खोटी सुनाई और इसका वीडियो बना लिया। लोगों ने हेड मास्टर से कहा- नशे में स्कूल क्यों आए हो। या तो इस्तीफा दो या फिर स्कूल मत आओ। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत शिक्षा विभाग के अधिकारियों से की है। मामले को लेकर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कौशल्या गौरेया ने बताया- वीडियो हमारे संज्ञान में आया है। फिलहाल इसकी जांच करवा रहे हैं। इसके बाद ही कुछ बता पाऊंगी। स्कूल के अंदर जाते समय नीचे गिरा, मुंह-हाथ पर चोट लगी
जानकारी के अनुसार, गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल अंबाबाड़ी के हेड मास्टर भरतसिंह शनिवार को सुबह नशे में स्कूल पहुंचा। वह कार से नीचे उतरकर स्कूल के अंदर जाने लगा तो नीचे गिर गया। इस दौरान उसके मुंह और हाथ पर चोट लग गई। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के लिए स्कूल आ रहे ग्रामीणों ने उसे देखा तो उठाकर साइड में एक गद्दे पर बैठा दिया। ग्रामीण बोले- आज पीकर नहीं आना था
ग्रामीणों ने इसका वीडियो भी बना लिया। एक ग्रामीण ने हेड मास्टर से कहा- पूरा गांव नाराज है। आपकी वजह से एक टीचर खो रहे हैं। आप स्कूल आते नहीं हो और आते हो तो शराब पीकर आते हो। आज 15 अगस्त है, आज तो पीकर नहीं आना था या फिर आते ही नहीं। पद से इस्तीफा दे दो। ग्रामीण ने कहा- गांववालों ने गेट के लॉक लगा दिया तो मैं क्या करूंगा। मैं गांव वालों के साथ खड़ा रहूंगा या आपके साथ में। मुझे किसके साथ रहना चाहिए। मैं गांव के साथ रहूंगा। आज बच्चों के अभिभावक आए हुए हैं और आप पीकर आए हो। स्कूल स्टाफ ने कॉल काटा, अधिकारियों ने बात नहीं की
मामले को लेकर जब स्कूल स्टाफ सवाईराम को कॉल किया तो उन्होंने कहा कि व्यस्त हूं, बाद में बात करता हूं और फिर फोन काट दिया। इसके अलावा जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (ACBEO) को कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
Back To Top