पूनिया बोले- जाति का अपना स्वाभिमान,पार्टी की प्राथमिकता जाति नहीं:अलका गुर्जर बोलीं- गुर्जर समुदाय पायलट के साथ यह गलत धारणा, युवा जानता है भविष्य कहां

बीजेपी ने राजस्थान के राज्यसभा प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने सतीश पूनिया और अलका गुर्जर को उम्मीदवार बनाया है। सतीश पूनिया जाट समुदाय से और अलका, गुर्जर समुदाय से आती हैं। ऐसे में पार्टी ने इन्हें प्रत्याशी बनाकर प्रदेश की दो बड़ी जातियों को साधने का काम किया है। टिकट मिलने के बाद सतीश पूनिया ने कहा- जाति एक पहचान है, उसका अपना एक स्वाभिमान है। BJP सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी की धारणा पर काम करती है। पार्टी के लिए जाति प्राथमिकता नहीं है। पार्टी की प्राथमिकता है कि वह व्यक्ति समाज, देश और संगठन के लिए कितना कंट्रीब्यूट करता है। वहीं अलका गुर्जर ने टिकट मिलने के बाद कहा- गुर्जर समुदाय केवल पायलट के साथ है, यह धारणा गलत है। आज समाज का युवा जानता है कि उसका भविष्य कहां पर है। टिकट की घोषणा के बाद भास्कर रिपोर्टर सचिन कुमार शर्मा ने दोनों प्रत्याशियों से बातचीत की… सतीश पूनिया ने कहा- यह मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान सवाल- पार्टी ने इतने उम्मीदवारों के बीच आपको क्यों चुना? आप इसका क्या कारण मानते हैं? जवाब- मुझे लगता है कि भारतीय जनता पार्टी का जो चरित्र है, कार्यकर्ता से ही व्यक्ति बड़ा बनता है। हमारी जो काम करने की व्यवस्था है, उसमें किसी न किसी समय, किसी न किसी व्यक्ति को अवसर जरूर देती है। इसी किस्म का अवसर मुझे पार्टी ने दिया है। मैं मानता हूं कि मेरे लिए एक जिम्मेदारी है और पार्टी ने भरोसा किया है, यह मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान है। यह सम्मान मेरा, परिवार का भी नहीं, यह पूरी पार्टी के कार्यकर्ताओं का सम्मान है कि मेरे जैसे कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है। सवाल- क्या जाति का समीकरण को देखते हुए टिकट दिए गए हैं। जवाब- देखिए वैसे तो जाति एक पहचान है, उसका अपना एक स्वाभिमान होता है। बीजेपी सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी की धारणा पर काम करती है। जाति पार्टी के लिए प्राथमिकता नहीं है। पार्टी की प्राथमिकता है कि वह व्यक्ति समाज, देश और संगठन के लिए कितना कंट्रीब्यूट करता है। सवाल- आप शेखावाटी अंचल से आते हैं। इस अंचल में बीजेपी की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। आपके चुनाव से फायदा होगा? जवाब- भौगोलिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से जितने भी लोग हैं, जो लोकतंत्र को मजबूत करते हैं। वह किसी भी रूप में हो, उन सब के उत्थान के लिए, उन सब की भलाई के लिए जो हमारी भूमिका होगी, उसके हिसाब से हम काम करेंगे। क्षेत्र कोई भी हो, लेकिन हमें समग्रता के साथ काम करना है। अलका गुर्जर बोलीं- कोई किसी की काट नहीं करता सवाल- अब आपकी राजस्थान और महिलाओं को लेकर क्या प्राथमिकता रहेगी? जवाब- सबसे पहले तो केंद्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्य्क्ष नितिन नबीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, सीएम भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और सभी कार्यकर्ताओं का, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। मैं विश्वास दिलाती हूं कि जो भी काम मुझे दिया जाएगा, उसके अनुरूप काम करती रहूंगी। सवाल- आपने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी टिकट मांगा था, इस बार भी दावेदारी थी? जवाब- देखिए हम राजनीति में काम करते हैं तो इच्छा तो सबकी होती है, लेकिन पार्टी को जो लगता है, पार्टी उचित समय पर निर्णय लेती है। वह निर्णय हमेशा से स्वीकार्य होता है। हम पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। जब भी जो निर्णय पार्टी द्वारा लिया जाता है। वह हमारे लिए स्वीकार्य होता है, शिरोधार्य होता है। सवाल- जिस समुदाय से आप आती हैं, वह सचिन पायलट के साथ हमेशा नजर आया है, क्या आप उसकी काट कर पाएंगी? जवाब- देखिए कोई किसी की काट नहीं करता है। सब इंडिविजुअल लीडर होते हैं, वह अपना काम कर रहे हैं। मैं संगठन को विस्तार देकर भाजपा को विस्तार देने का काम कर रही हूं। जहां तक कहा जाए- हमारे समुदाय में एक गलत धारणा है। आप फील्ड में जाकर देखेंगे तो लोग भले ही विचार के साथ जुड़े हुए नहीं हों, लेकिन लोग नेतृत्व के साथ, पीएम मोदी और मोदी सरकार की नीतियों के साथ लगातार जुड़ते चले जा रहे हैं। वहीं युवा आज समझ रहा है कि उसका भविष्य कहां है। सवाल- पूर्वी राजस्थान की चारों सीटें पार्टी लोकसभा चुनाव में हार गई थी, अब किस तरह का काम रहेगा? जवाब- जो काम पार्टी देगी, उसके अनुरूप काम करूंगी। मैं विश्वास दिलाती हूं कि जो भी काम सौंपा जाएगा। जिस तरह से अभी तक करती आई हूं, उसी भावना, पूरी शिद्दत और पूरे समर्पण के साथ काम करती रहूंगी। सवाल- आपको टिकट मिलने की जानकारी सबसे पहले किसने दी? जवाब- मोदी सरकार के 12 साल के कार्यक्रमों को लेकर वर्चुअल मीटिंग चल रही थी। इस बीच केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का फोन आया। मैंने उनसे कहा भाई साहब अभी तो चर्चाएं हो रही हैं, घोषणा होनी बाकी है। उन्होंने कहा- कागज मेरे हाथ में है, आपको सूचना दे रहा हूं कि आपकी टिकट डिक्लेअर हो गई है।
यह खबर भी पढ़ें… राज्यसभा चुनाव- बीजेपी ने सतीश पूनिया,अलका गुर्जर को उम्मीदवार बनाया:दो बड़े वोट बैंक को मैसेज देने का प्रयास; जानें- टिकट के क्या है मायने राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने गुरुवार को राजस्थान के दो प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। सतीश पूनिया और अलका गुर्जर को उम्मीदवार बनाया है। सतीश पूनिया वर्तमान में हरियाणा प्रभारी और अलका गुर्जर राष्ट्रीय सचिव हैं। (पूरी खबर पढ़ें) कांग्रेस ने नीरज डांगी को फिर राज्यसभा उम्मीदवार बनाया:पार्टी की एक सीट पर जीत तय; दलित वोट बैंक को साधने का प्रयास कांग्रेस ने राज्यसभा की एक सीट पर उम्मीदवार घोषित कर दिया है। सांसद नीरज डांगी को लगातार दूसरी बार उम्मीदवार बनाया है। मौजूदा संख्या बल (67 विधायक) के हिसाब से एक सीट पर पार्टी की जीत तय है।(पूरी खबर पढ़ें)
Back To Top