डिवाइडर तोड़ पलटी बस, एक यात्री की मौत:बस की छत पर बैठे यात्री सड़क पर गिरे, 25 से 30 लोग घायल

चित्तौड़गढ़ में मंगलवार सुबह एक प्राइवेट सवारी बस डिवाइडर तोड़कर पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 से 30 लोग घायल हो गए। दुर्घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई। बस चित्तौड़गढ़ से सांवलियाजी जा रही थी। हादसे के बाद हाईवे एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को भादसोड़ा सीएचसी व सांवलियाजी मंडफिया हॉस्पिटल पहुंचाया गया। यह घटना भादसोड़ा थाना क्षेत्र में बागुंड के पास हुई है। डिवाइडर तोड़कर हाईवे पर पलटी बस भादसोड़ा थाना अधिकारी महेंद्र सिंह गुर्जर के अनुसार राजनंदिनी नाम की प्राइवेट बस चित्तौड़गढ़ से सांवलियाजी जा रही थी। बागुंड के पास सर्विस रोड पर चलते समय बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस सर्विस रोड से सीधे नेशनल हाईवे की तरफ बढ़ गई, जहां कोई रास्ता नहीं था। बस ने डिवाइडर को पार करते हुए वहां लगे बिजली पोल और रेलिंग तोड़ दी और मुख्य हाईवे पर चढ़कर पलट गई। बस की छत पर बैठे यात्री सड़क पर गिरे बस की छत पर भी करीब 20 से 25 यात्री बैठे हुए थे। बस पलटते ही छत पर बैठे यात्री सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार उस समय पीछे से कोई वाहन नहीं आ रहा था, नहीं तो सड़क पर गिरे यात्रियों के साथ बड़ा हादसा हो सकता था। घायलों में से 4 से 5 लोगों को गंभीर चोट आने पर चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है। एक यात्री की मौत हादसे में 32 साल के रघुवीर पुत्र हरि सिंह मीणा निवासी नपनिया, तहसील छबड़ा, जिला बारां की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर भादसोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। चित्तौड़गढ़ सहित कई स्थानों से हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को भादसोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सांवलियाजी मंडफिया हॉस्पिटल पहुंचाया गया। दर्शन के लिए जा रहे थे यात्री जानकारी के अनुसार बस में सवार यात्री सांवलियाजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। यात्री जयपुर, जोधपुर, कोटा, यूपी सहित विभिन्न स्थानों से चित्तौड़गढ़ में बस में सवार हुए थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बस बिना परमिट यात्रियों को लेकर चल रही थी। बताया गया कि यह बस लंबे समय से चित्तौड़गढ़ से सांवलियाजी तक यात्रियों का संचालन कर रही थी। ये घायल हुए भादसोड़ा थाना अधिकारी महेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि घायलों में विजय पुत्र गुलाबचंद बुनकर निवासी सामोद चौमू जयपुर, 7 साल का प्रिंस पुत्र विनोद बुनकर निवासी सामोद चौमू जयपुर, सुरेंद्र पुत्र गुलाबचंद बुनकर निवासी सामोद चौमू जयपुर, सूरज पुत्र राजेंद्र निवासी कोटा, अर्जुन पुत्र संतोष मीणा निवासी नपनिया बारां, लखन बाग पुत्र राधेश्याम निवासी नपनिया बारां, पवन पुत्र राजू सेन निवासी नपनिया बारां, पवन पुत्र राधेश्याम नागर निवासी नपनिया बारां, जीतू पुत्र कजोड़लाल मीणा निवासी दीगोद कोटा, कुबेर सिंह पुत्र मोपत सिंह निवासी जयपुर, गिरिराज पुत्र मोरपाल निवासी बामनवास सवाई माधोपुर, अक्षर पुत्र दीपचंद जाट निवासी फरीदाबाद और अमित पुत्र ओमप्रकाश राजपूत निवासी नगला बॉस उत्तर प्रदेश शामिल हैं। इसके अलावा अन्य घायल भी हैं, जिनकी पहचान की जा रही है। नायब तहसीलदार ने ली जानकारी हादसे के बाद नायब तहसीलदार शिवशंकर पारीक भी सांवलियाजी मंडफिया उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों की जानकारी ली। भादसोड़ा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर हाईवे पर यातायात सुचारु करवाया।
Back To Top