जसप्रीत सिंह के मजेदार किस्से पर जमकर गूंजे ठहाके कॉमेडियन जसप्रीत सिंह ने अपनी मजेदार कॉमेडी और किस्सों से जोधपुरवासियों को खूब हंसाया। उन्होंने एक मजेदार किस्सा सुनाते हुए बताया कि नई गाड़ी की पूजा के दौरान गाड़ी पर काला तिलक लगाने की बात पर किस तरह बाइक से गाड़ी को हल्की-सी टक्कर मारने का मजेदार प्रसंग सामने आया। उनके अंदाज और पंचलाइन पर दर्शक लगातार ठहाके लगाते रहे। बादल शर्मा की शायरी ने हंसी के साथ छेड़े रिश्तों के तार कॉमेडियन बादल शर्मा ने अपनी खास अंदाज वाली कॉमेडी से जोधपुरवासियों को खूब गुदगुदाया। उन्होंने शायरी के अंदाज में रिश्तों पर मजेदार बात रखते हुए कहा कि इस लहजे में हम सब से बात नहीं करते… और फिर बातचीत बंद करने वाली चार पंक्तियों को अपने अंदाज में पेश किया। उनकी पंचलाइन पर दर्शकों ने जमकर ठहाके लगाए और पूरा माहौल हंसी से गूंज उठा। आशीष सोलंकी ने जोधपुर में स्टूडेंट्स और टीचर्स के किस्सों से गुदगुदाया कॉमेडियन आशीष सोलंकी ने जोधपुर में अपने पुराने स्टूडेंट्स और टीचिंग के अनुभवों से जुड़े मजेदार किस्से सुनाकर दर्शकों को खूब हंसाया। उन्होंने कहा कि उनका सपना था कि वे जोधपुर के किसी खेत में परफॉर्म करें, जो यहां आकर पूरा हुआ। इसके बाद स्टूडेंट्स के होमवर्क और टीचर्स को लेकर किए जाने वाले मजेदार बहानों पर उनकी पंचलाइन ने दर्शकों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। वहीं गौरव गु्प्ता ने इंटरकास्ट मैरिज को लेकर समाज विसंगतियों पर कटाक्ष करते हुए सबको गुदगुदाया।
जोधपुर कॉमेडी फेस्टिवल में जमकर लगे ठहाके:कॉमेडियन ने टीचर-स्टूडेंट के किस्सों से हंसाया, शायरी ने हंसी के साथ छेड़े रिश्तों के तार
जोधपुर कॉमेडी फेस्टिवल शाम जब रंगीन हुई तो माहौल में संगीत नहीं, बल्कि ठहाकों की गूंज सुनाई दी। दैनिक भास्कर के 30वें गौरव वर्ष में आयोजित मारवाड़ महोत्सव सीजन-4 के तहत आज की शाम पूरी तरह हंसी के नाम रही। जोधपुर में पहली बार देश के टॉप 8 स्टैंडअप कॉमेडियन एक साथ एक मंच पर नजर आए। एक रात, अनलिमिटेड हंसी और ऐसा कॉमेडी एक्सपीरियंस, जो बार-बार नहीं मिलता। जोधपुर कॉमेडी फेस्टिवल में गौरव गुप्ता, आशीष सोलंकी, स्वाति सचदेवा, कान्हा कंबोज, कौस्तुभ अग्रवाल, जसप्रीत सिंह, बादल शर्मा और रजत सूद जैसे देश के कई चर्चित कॉमेडियनों ने अपनी प्रस्तुतियों से जोधपुरवासियों को खूब हंसाया। कलाकारों के मजेदार पंच और अंदाज पर दर्शक जमकर ठहाके लगाते नजर आए। नीले शहर की इस शाम में हंसी के रंग कुछ ऐसे घुले कि जोधपुरवासी देर शाम तक इस खास कॉमेडी नाइट का लुत्फ उठाते रहे। देखें कार्यक्रम से जुड़े फोटोज..

