अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद से लिक्विड पेट्रोलियम गैस (LPG) की कीमतों में हुई बढ़ोतरी से बढ़ी महंगाई से राहत मिलनी शुरू हो गई। पेट्रोलियम कंपनियों ने देर रात एलपीजी गैस की कीमतों का रिव्यू करने के बाद कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी की है। कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर पर 192 रुपए की कमी की है। हालांकि घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रखे हैं। ये लगातार दूसरा महीना है जब कंपनियों ने कॉमर्शियल सिलेंडर सस्ता किया है। राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने बताया- कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम घटाए हैं, जिसकी नई रेट लिस्ट जारी की है। नई रेट लिस्ट के मुताबिक, जयपुर में आज से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 2957 रुपए के बजाए अब 2765 रुपए में मिलेगा। इससे पहले जुलाई में कंपनियों ने 183.50 रुपए की कमी की थी। इस तरह कॉमर्शियल सिलेंडर पर दो माह में 375.50 रुपए तक की कमी हुई है। घरेलू सिलेंडर आज भी बाजार में 945.50 रुपए में ही मिलेगा घरेलू उपयोग के सिलेंडर की कीमतों में कंपनियों ने कोई बढ़ोतरी नहीं की है। घरेलू सिलेंडर आज भी बाजार में 945.50 रुपए में ही मिलेगा। जानें इस साल कब-कब बढ़ीं कीमतें इस साल कॉमर्शियल सिलेंडर पर कंपनियों ने अब तक 6 बार से ज्यादा बार कीमतों में बढ़ोतरी की थी। जनवरी में कंपनियों ने 111 रुपए, फरवरी में 49.50, मार्च में 141.50 रुपए, अप्रैल में 195 रुपए, मई में 993 और जून में 42 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी।

