अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एसएमएस स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम:राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने किया योग, जयपुर में पांच जगहों पर हजारों लोग पहुंचे

जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां सैकड़ों की संख्या में योग साधक, अलग-अलग विभागों के कर्मचारी, पुलिसकर्मी, होमगार्ड जवान, एनसीसी कैडेट, विद्यार्थी और आमजन पहुंचे। सएमएस स्टेडियम के इंडोर स्टेडियम में आयोजित मुख्य योग कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, राज्यसभा उम्मीदवार अल्का गुर्जर, उपमुख्यमंत्री एवं आयुष मंत्री प्रेमचंद बैरवा और जयपुर की निवर्तमान महापौर सौम्या गुर्जर मौजूद हैं। एसएमएस स्टेडियम में योगाभ्यास कार्यक्रम सुबह 6 से 8 बजे तक हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों की ओर से दीपक जलाकर किया गया। इसके बाद योग दिवस के अवसर पर आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें बड़ी संख्या में योग साधक और आमजन ने भाग लिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आज जयपुर के एसएमएस स्टेडियम, अल्बर्ट हॉल, पत्रिका गेट, जलमहल और आमेर फोर्ट पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम हुए, जिनमें हजारों लोगों ने भाग लिया। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में विद्यार्थी, योग साधक, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और सीआरपीएफ के जवान भी शामिल हुए। आयोजकों की ओर से विभिन्न स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई। पर्यटन और सांस्कृतिक स्थलों पर भी योग एसएमएस स्टेडियम के अलावा अल्बर्ट हॉल, पत्रिका गेट, जलमहल और आमेर फोर्ट पर भी सामूहिक योगाभ्यास हुआ। इन स्थलों पर सुबह के समय योग कार्यक्रमों के जरिए स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश दिया। स्टूडेंट्स और विभिन्न विभागों की होगी भागीदारी कार्यक्रम में स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थी भी शामिल हुए। इसके अलावा एनसीसी, सीआरपीएफ, पुलिस, होमगार्ड, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित कई विभागों के कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। योग अपनाने का संदेश आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों ने आमजन से योग दिवस कार्यक्रमों में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लेने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और बेहतर जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण है। जोधपुर में मंत्री मदन दिलावर और जोगाराम पटेल पहुंचे जोधपुर में 12वीं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सम्राट अशोक उद्यान में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें शिक्षा एवं जिला प्रभारी मंत्री मदन दिलावर, राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, अविनाश गहलोत, पाली सांसद पीपी चौधरी, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, पूर्व सांसद रामनारायण डूडी ,जसवंत सिंह बिश्नोई, नारायण पंचारिया, जिला कलेक्टर आलोक रंजन सहित विभिन्न अधिकारी और शामिल हुए। भीलवाड़ा में बदला कार्यक्रम स्थल भीलवाड़ा जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा आज 12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय समारोह शांति भवन, हेडपोस्ट ऑफिस के पास आयोजित हुआ। इससे पहले जिला स्तरीय समारोह चित्रकूट धाम, नगर निगम में होना था। लेकिन बारिश की सम्भावना को देखते हुए शनिवार शाम जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार चित्रकूट धाम नगर निगम के स्थान पर इस कार्यक्रम का आयोजन शांति भवन में किया गया।
Back To Top