सवाई माधोपुर शहर के इटावा बालाजी रोड पर शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक का उपचार जारी है। इटावा बालाजी के दर्शन कर घर लौट रहे थे जानकारी के अनुसार शहर निवासी पलक अग्रवाल (18) पुत्री विनोद अग्रवाल अपने भाई प्रियांशु अग्रवाल (24) के साथ शनिवार रात करीब 9:30 बजे इटावा बालाजी मंदिर के दर्शन कर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक स्विफ्ट कार से उनकी स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, रास्ते में तोड़ा दम टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला हॉस्पिटल भिजवाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में पलक ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। भाई की हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रियांशु अग्रवाल का जिला हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और परिचित हॉस्पिटल पहुंच गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

