‘नर्सिंगकर्मियों को 17 साल बाद भी नहीं मिला इंक्रीमेंट’:कंगना बोलीं-26/11 के नायकों को दबाने का प्रयास किया गया, ‘भारत भाग्य विधाता’ की स्क्रीनिंग के लिए आईं जयपुर

बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत शुक्रवार को जयपुर पहुंचीं, जहां उनकी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग ईपी मिराज सिनेमाघर में हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, फिल्म के निर्माता जयंतीलाल गड़ा, जनप्रतिनिधि, चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोग और बड़ी संख्या में नर्सिंगकर्मी मौजूद रहे। फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद दैनिक भास्कर के सवाल पर कंगना रनौत ने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ द्वारा दिखाई गई बहादुरी को याद किया और कहा कि देश आज भी उन नायकों का ऋणी है। कंगना ने कहा कि 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल के नर्सिंगकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कई मरीजों और गर्भवती महिलाओं की जान बचाई थी। इसी अद्भुत साहस की कहानी को लेकर हमने यह फिल्म बनाई है। उस समय महाराष्ट्र सरकार ने इन जांबाज नर्सिंग स्टाफ को एक महीने का अतिरिक्त वेतन या इंक्रीमेंट देने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक उन्हें वह नहीं मिला। वादे से मुकर गई कांग्रेस सरकार उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस घटना के बारे में विस्तार से जाना तो यही बात उन्हें सबसे ज्यादा परेशान कर गई। जब मैंने यह कहानी सुनी थी तो सबसे ज्यादा मुझे यही बात चुभी थी। आपने बिल्कुल सही कहा कि आज तक उन बेचारों को वह इंक्रीमेंट तक नहीं मिला, जिसका उनसे वादा किया गया था। उस समय कांग्रेस की सरकार थी। कई बातें ऐसी थीं जिन्हें दबाने और अंडरप्ले करने की कोशिश की गई। लेकिन यह उन लोगों की कहानी है, जिन्होंने देश और मानवता के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की। पीएम मोदी की भावना पर रखा फिल्म का टाइटल कंगना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के कर्मयोगियों को ‘भारत भाग्य विधाता’ कहा है और उसी भावना से प्रेरित होकर फिल्म का शीर्षक रखा गया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने हमेशा ऐसे कर्मयोगियों का सम्मान किया है। प्रधानमंत्री ने हमारे कर्मचारियों और सेवा करने वाले लोगों को भारत भाग्य विधाता कहा है और उसी भावना से यह फिल्म प्रेरित है। जयपुर के अदृश्य नायकों का हुआ सम्मान कंगना ने जयपुर में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कर्मियों के सम्मान पर खुशी जताते हुए कहा कि समाज को ऐसे लोगों से प्रेरणा लेनी चाहिए। आज जयपुर के उन अदृश्य हीरोज का सम्मान किया गया जो बिना किसी पहचान, बिना किसी क्रेडिट और बिना किसी सराहना के देश की सेवा कर रहे हैं। हमें उनसे सीखना चाहिए कि कर्तव्य क्या होता है और राष्ट्र सेवा का असली अर्थ क्या है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए फिल्म को टैक्स फ्री करने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि दीया कुमारी ने पूरी फिल्म देखी और बहनों एवं कर्मचारियों को समर्पित इस फिल्म की सराहना की। हमने उनसे अनुरोध किया है कि फिल्म को टैक्स फ्री किया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें। विशेष रूप से स्वास्थ्य कर्मी और इस क्षेत्र से जुड़े लोग इस कहानी से खुद को जोड़ पाएंगे।” स्वास्थ्य कर्मी हमारे फ्रंटलाइन सैनिक- दीया कुमारी फिल्म देखने के बाद उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि यह फिल्म समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश देती है और स्वास्थ्य कर्मियों के योगदान को सम्मान दिलाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि मैं कंगना, निर्माता और पूरी टीम को धन्यवाद देना चाहूंगी। यह फिल्म सचमुच प्रेरणा देने वाली है। हम राजनीति में रहते हुए कई बार उन लोगों को नजरअंदाज कर देते हैं जो चुपचाप समाज की सेवा कर रहे होते हैं। हमारे स्वास्थ्य कर्मी, विशेषकर नर्सिंग स्टाफ, फ्रंटलाइन सैनिकों की तरह काम करते हैं। दीया कुमारी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा की थी। कोविड के समय हमने देखा कि कैसे स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी जान की चिंता किए बिना हजारों लोगों की जान बचाई। इस फिल्म में भी वही भावना दिखाई गई है। कई बार हम उन्हें टेकन फॉर ग्रांटेड ले लेते हैं, जबकि वे अपनी ड्यूटी से कहीं बढ़कर काम करते हैं। फिल्म को टैक्स फ्री करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कंगना ने यह अनुरोध किया है। मैं इस संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा करूंगी और इस पर कोई सकारात्मक एवं ठोस निर्णय निकालने का प्रयास करेंगे। नर्सों के संघर्ष और 26/11 की अनकही कहानी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म केवल आतंकी हमले की कहानी नहीं दिखाती, बल्कि उन नर्सों और स्वास्थ्य कर्मियों की संघर्ष गाथा भी सामने लाती है जिन्होंने संकट की घड़ी में मरीजों की रक्षा के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी थी। फिल्म में कंगना रनौत के साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, आशा शेलार, प्रिया अर्जुन बेर्डे, जाहिद खान और सुहिता थट्टे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
Back To Top