उदयपुर के सायरा थाने में तैनात ASI और कॉन्स्टेबल दमनदीव में हिस्ट्रीशीटर भंवर सिंह के साथ घूमे। इस दौरान इन लोगों ने समुद्र किनारे फोटो खिंचवाई और वीडियो बनाए। ये फोटो-वीडियो अब सामने आए हैं। सायरा थाने के ASI राजेंद्र सिंह और 3 कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र सिंह, लोकेंद्र सिंह और नरपत सिंह अगस्त 2026 में किसी मामले में आरोपियों को पकड़ने गए थे। उस दौरान ये लोग समुद्र किनारे घूमे और फोटो खिंचवाए। इन फोटो में उनके साथ हिस्ट्रीशीटर भंवर सिंह भी नजर आया। एक फोटो में कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र सिंह हिस्ट्रीशीटर के कंधे पर हाथ रखे नजर आ रहा है। वीडियो में ASI राजेंद्र सिंह और कॉन्स्टेबल नरपतराम नजर आ रहे हैं। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया- मामले की जांच गिर्वा सीओ छगन पुरोहित को सौंपी है। पहले एक फोटो आया। इसके बाद और भी फोटो आए तो इसकी पूरी जांच की जाएगी। पुलिसवालों की हिस्ट्रीशीटर संग घूमने की तस्वीरें… पुलिसवाले बोले- हम हिस्ट्रीशीटर से नहीं मिले ASI राजेंद्र सिंह और कॉन्स्टेबल नरपतराम से इस पूरे मामले को लेकर सवाल किया तो उन्होंने हिस्ट्रीशीटर से मिलने की बात से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया- एक केस में वांटेड आरोपियों को पकड़ने के लिए हम टीम बनाकर दमनदीव गए थे। इस दौरान आरोपियों की लोकेशन के आधार पर समुद्र किनारे पहुंचे थे और वहां आरोपियों को ढूंढ रहे थे। हम हिस्ट्रीशीटर भंवर सिंह से नहीं मिले। पहले भी हिस्ट्रीशीटर संग पुलिसवालों की तस्वीरें सामने आई इससे पहले भी सायरा थाने के पुलिसवालों की हिस्ट्रीशीटर भंवर सिंह के साथ तस्वीरें सामने आई थी। दीपावली से पहले कॉन्स्टेबल रूपाराम टेलर ने हिस्ट्रीशीटर के साथ फोटो खिंचवाई और वॉट्सएप स्टेटस पर लगाई थी। फोटो सामने आने के बाद 14 नवंबर को कॉन्स्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया था। मामला सामने आने पर कॉन्स्टेबल रूपाराम टेलर ने बताया था कि दीपावली से दो-तीन दिन पहले मेरे परिचित मुकेश मेघवाल के साथ भंवर सिंह केलवाड़ा से सायरा आया था। इसी दौरान मुलाकात हुई और फोटो खिंचवाया था। करीब 2 महीने पहले सायरा थाने के तत्कालीन सीआई शैतानसिंह नाथावत का ट्रांसफर ट्रैफिक में हो गया था। विदाई कार्यक्रम के दौरान हिस्ट्रीशीटर भंवर सिंह भी थाने में आया था और शैतान सिंह को श्रीनाथजी की तस्वीर भेंट की थी। ये तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर की गई थी। हिस्ट्रीशीटर के साथ तस्वीर को लेकर सीआई शैतान सिंह ने कहा- थानाधिकारी के तौर पर मेरे कार्यकाल में भंवरसिंह के खिलाफ कोई मामला नहीं आया। उसके खिलाफ पारिवारिक झगड़े के 2-3 मामले पहले हुए थे। मेरे विदाई कार्यक्रम में सायरा के लोगों के साथ भंवर सिंह भी थाने आया था और मुझे तस्वीर भेंट की थी। मैंने मानवता के नाते तस्वीर स्वीकार कर ली।

