राजस्थान में फिर बारिश का अलर्ट, रात में सर्दी बढ़ी:अक्टूबर में भी दिन का तापमान 39 डिग्री के करीब, 24 से बदलेगा मौसम

राजस्थान में बारिश-आंधी का दौर थमने के साथ ही रात में सर्दी शुरू हो गई। बुधवार को 17 शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जिलों में दिन में तेज गर्मी है। यहां दिन का तापमान करीब 39 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार 24 अक्टूबर को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा। इसके असर से बीकानेर संभाग के एरिया में बारिश की संभावना है। मौसम के बड़े अपडेट्स माउंट आबू सबसे ठंडा: बुधवार को राजस्थान में सबसे ज्यादा ठंडी रात माउंट आबू में रही। यहां रात का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। माउंट आबू के अलावा 10 से ज्यादा शहरों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। अजमेर में 18.6, भीलवाड़ा में 18.4, टोंक में 17.4, अलवर में 17.6 तक पारा गिर गया। बाड़मेर में सबसे ज्यादा गर्मी: सबसे गर्म दिन बाड़मेर में रहा। बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री रहा। अब आगे क्या: मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज से राज्य में मौसम साफ रहने और धूप निकलने की संभावना जताई है। 24 अक्टूबर से राज्य में फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना है, जिसके असर से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है। राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर: बुधवार दिनभर आसमान साफ रहा। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाम को हल्की ठंडक बढ़ गई। जयपुर का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने जयपुर में अगले तीन दिन मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। उदयपुर: में बुधवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 20 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। एक दिन में अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि रात के न्यूनतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अलवर: सुबह से मौसम सामान्य रहा और अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। धूप निकलने के बावजूद लोगों को गर्मी से खास परेशानी नहीं हुई। वहीं, सुबह और शाम के साथ रात के समय ठंड का असर महसूस होने लगा है। जोधपुर: अक्टूबर के अंतिम दिनों में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। अजमेर: बुधवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में गर्मी का असर रहा, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हुई। कोटा: बुधवार को मौसम साफ रहा अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ। हालांकि न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। अधिकतम पारा 34.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पिछले तीन दिनों से अधिकतम पारा 34 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान 23 से 21 डिग्री के बीच बना है। सीकर: जिले में अब रात के समय हल्की सर्दी शुरू हो चुकी है। वहीं, दिनभर मौसम साफ रहा। बुधवार को न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया।
Back To Top