महिला डॉक्टर ने HOD पर परेशान करने के आरोप लगाए:शिकायत में लिखा- डिप्रेशन में आ गई, नौकरी छोड़ने का मन बना लिया था

पाली में सरकारी मेडिकल कॉलेज की महिला डॉक्टर ने अपने ही विभाग के HOD पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। साथ ही लिखित में शिकायत देते हुए बताया कि सीनियर डॉक्टर उनके अधीन रिसर्च करने वाले मेडिकल स्टूडेंट्स को भी परेशान करते हैं। ऐसे में, वे डिप्रेशन का शिकार हो गई और छुट्टियों पर चली गई थी। मामले में महिला डॉक्टर ने कॉलेज प्रबंधन को शिकायत दी है। इसकी रिपोर्ट मैनेजमेंट ने राजस्थान चिकित्सा शिक्षा सोसायटी (राजमेस) को भेजी है। इस मामले में जांच कर रहे अधिकारी ने कहा- हैरेसमेंट कमेटी की बैठक में यह शिकायत सामने आई थी। शिकायत के बाद इस मामले में आंतरिक कमेटी का गठन किया गया। जिसकी रिपोर्ट राजमेस डायरेक्टर को भेज दी गई है। जांच के बाद कार्रवाई होगी। अब पढ़िए शिकायत में क्या लिखा पाली के मेडिकल कॉलेज में कार्यरत एक महिला डॉक्टर ने अपने डिपार्टमेंट के HOD के खिलाफ शिकायत में कहा- वे पिछले करीब एक साल से उन्हें किसी न किसी तरह से परेशान कर रहे हैं। पिछले छह महीने में तो उनकी ज्यादती बहुत बढ़ गई। बार-बार नोटिस देना और काम को लेकर मानसिक रूप से परेशान करने लगे। जिससे मैं डिप्रेशन का शिकार हो गई। लिखित शिकायत में कहा- एक बार तो नौकरी छोड़ने तक का मन बना लिया। डिप्रेशन के चलते कुछ दिन के लिए छुट्टी पर भी जाना पड़ा। शिकायत में आरोप है कि डॉक्टर के अधीन रिसर्च करने वाले मेडिकल स्टूडेंट को भी प्रताड़ित किया जाता है।
Back To Top