बेगूं क्षेत्र के बिछौर पंचायत के गुसाइयों का झोपड़ा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत हो गई। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। विवाहिता की अहमदाबाद में सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इलाज के दौरान मौत पुलिस के अनुसार, गुसाइयों का झोपड़ा निवासी मैना पत्नी सुनील गोस्वामी की सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। तीन दिन पहले अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे गंभीर हालत में उदयपुर और फिर अहमदाबाद रेफर किया गया था। 10 लाख रुपए और गहने मांगने का आरोप मंडी, त्रिवेणी गांव निवासी पीहर पक्ष के प्रहलाद और मनीष ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले मैना को 10 लाख रुपए और सोने-चांदी के गहनों के लिए प्रताड़ित कर रहे थे, जिससे परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसके साथ पहले भी मारपीट की गई । विवाहिता की मौत के बाद पीहर पक्ष ने पारसोली थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने ससुराल पक्ष द्वारा अहमदाबाद में कराए गए पोस्टमॉर्टम को मानने से इनकार करते हुए शव के दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की। माहौल गरमाने के बाद पारसोली पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का दोबारा परीक्षण करवाया। 6 साल पहले हुई थी शादी पारसोली थानाधिकारी आशुतोष सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम पहले ही हो चुका था, लेकिन मेडिकल बोर्ड से दोबारा परीक्षण कराया गया है। विवाहिता की शादी को छह साल हुए हैं, इसलिए मामले की जांच बेगूं एसडीएम द्वारा की जा रही है। पीहर पक्ष की रिपोर्ट पर मृतका के पति सुनील, सास, ससुर सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को अंतिम संस्कार के लिए पीहर पक्ष को सौंप दिया गया है।

