बीकानेर में बीजेपी विधायक और बूथ अधिकारी में बहस:झुंझुनूं में पुलिसकर्मियों पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप; सीकर के फतेहपुर में पत्थरबाजी

राजस्थान के 162 नगरीय निकायों (नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका) में पहले चरण में बुधवार को वोटिंग हुई। 4 नगर निगम में सबसे ज्यादा भरतपुर में 73.68 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि अन्य 3 निगमों में 70 फीसदी वोटिंग भी नहीं हुई। कई जगहों पर फर्जी वोटिंग को लेकर विवाद की स्थिति बनी। बीकानेर में वार्ड 45 में रबर फैक्ट्री के पास स्थित बूथ संख्या 95 पर भाजपा विधायक जेठानंद व्यास और बूथ अधिकारी के बीच बहस हो गई। विधायक के मतदान केंद्र में जाने पर बूथ अधिकारी ने उन्हें बाहर निकलने और बूथ से 200 मीटर दूर रहने के लिए कहा। इसके बाद विधायक के समर्थक आक्रोशित हो गए और नारेबाजी करने लगे। डीडवाना-कुचामन जिले के डीडवाना के वार्ड-11 के बूथ पर परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे निर्दलीय विधायक यूनुस खान के साथ धक्का-मुक्की की गई। विधायक के रिश्तेदारों ने कांग्रेस और बीजेपी के प्रत्याशियों के समर्थकों पर वोटर आईडी छीनने का आरोप लगाया। सीकर जिले के फतेहपुर में चुनाव के बीच वार्ड 14 में कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच पत्थरबाजी हो गई। इसमें दो लोग घायल हो गए। झुंझुनूं नगर परिषद के वार्ड 35 में माकपा प्रत्याशी महिपाल पूनियां ने मतदान केंद्र के गेट पर तैनात पुलिसकर्मी फर्जी वोटिंग देने वालों का साथ देने का आरोप लगाया। इसके बाद पूनियां के समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। पहले चरण में 57 लाख से ज्यादा मतदाताओं ने कुल 20 हजार से ज्यादा कैंडिडेट के चुनावी भाग्य का फैसला EVM में कैद कर दिया है। 17 नगर पालिका के 25, चार नगर परिषद के 6 और एक नगर निगम के 1 वार्ड में निर्विरोध सदस्य निर्वाचित हो चुके हैं। वहीं, दूसरे चरण के लिए 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। दोनों ही फेज की काउंटिंग 14 सितंबर को होगी। पहले देखिए… निकाय चुनाव से जुड़ी PHOTOS… निकाय चुनाव के बड़े अपडेट्स… कुवैत से वोट डालने आया कारोबारी : डूंगरपुर में वार्ड-2 में भोगीलाल पंड्या स्कूल मतदान केंद्र पर विनोद पंचाल कुवैत से वोट डालने आए। उनका कुवैत में ज्वेलरी का कारोबार है। वे आज सुबह ही डूंगरपुर पहुंचे थे। BLO को हटाया : झुंझुनूं नगर परिषद के वार्ड-18 में बूथ संख्या 24 पर BLO पर मतदान प्रभावित करने के आरोप लगे। निर्दलीय प्रत्याशी सहीराम बराला की शिकायत पर निर्वाचन टीम ने BLO का मोबाइल जब्त कर उसे बूथ से हटा दिया। आप प्रत्याशी को पकड़ा : राजसमंद की नाथद्वारा नगरपालिका में वार्ड-2 से आम आदमी पार्टी (आप) प्रत्याशी कान सिंह को पुलिस ने चेक बाउंस के मामले में डिटेन किया। वे वार्ड-5 में मतदान करने पहुंचे थे। पैसे बांटने का आरोप : राजसमंद के नाथद्वारा के वार्ड-2 में भाजपा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बूथ के पास लोगों को पैसे बांटने का आरोप लगाया। पुलिस ने सभी लोगों को बूथ के 100 मीटर के दायरे से बाहर कर दिया। दो पक्ष भिड़े : जोधपुर जिले के बालेसर दुर्गावता में वार्ड 23 और 25 के मतदान केंद्र में दो पक्षों में झड़प हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को वहां से हटाया गया। जालोर के वार्ड-34 के पीएमश्री सरकारी स्कूल में एक व्यक्ति फर्जी वोट देने पहुंचा। जानकारी मिलते ही उसे बाहर निकाल दिया। वह भागने लगा तो बाहर खड़े प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने पकड़कर पीट दिया। पोलिंग पार्टी के कर्मचारी ने किया हंगामा : झुंझुनूं के उदयपुरवाटी में पोलिंग पार्टी के कर्मचारी को शराब पीकर हंगामा करने आरोप में निर्वाचन कार्य से हटा दिया गया। कर्मचारी ने स्कूल में शराब पी और हंगामा किया। शिकायत मिलने पर निर्वाचन अधिकारी ने जांच की। मामला सही पाए जाने पर कर्मचारी का मेडिकल करवाकर रिपोर्ट जिला कलेक्टर को भेजी गई। … निकाय चुनाव की ये खबर भी पढ़ें… अलवर । जोधपुर । जयपुर । भीलवाड़ा । बीकानेर । भरतपुर । अजमेर । उदयपुर । कोटा । सीकर। … पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
Back To Top