बीकानेर में घर-जमाई की संदिग्ध मौत:घरेलू विवाद के बाद पत्नी और बच्चों ने पीटा; पत्नी डिटेन

बीकानेर के लूणकरणसर थाना क्षेत्र के हंसेरा गांव में सोमवार देर रात घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी और बच्चों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक मूलाराम पुत्र हिराराम मूल रूप से श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कुन्तासर गांव का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से हंसेरा गांव में घर-जमाई के रूप में रह रहा था। सोमवार रात करीब 10 बजे घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मूलाराम के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी पक्ष ही घायल मूलाराम को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर लूणकरणसर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। प्रथम दृष्टया पुलिस ने मृतक की पत्नी विद्या देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल मामला दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
Back To Top