नगर निकाय चुनाव में टिकट नहीं मिलने से परेशान एक कार्यकर्ता बुधवार को जोधपुर एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मिलकर रोने लगा। शेखावत ने उन्हें गले लगाया और चुप करवाया। कहा- अपन को मस्त रहना है। हम सभी को मिलकर संगठन के लिए काम करना है। दरअसल, धन्नाराम पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। संगठन में भी लंबे समय से सक्रिय हैं। इस बार उन्होंने वार्ड नंबर 10 से टिकट मांगा था, लेकिन किन्हीं वजह से उन्हें टिकट नहीं मिला। केंद्रीय मंत्री ने बागी उम्मीदवारों को लेकर कहा- संगठन के पदाधिकारी समेत विधायक और बाकी जनप्रतिनिधि मंगलवार से काम कर रहे हैं। भाजपा में ऐसी परिस्थितियां नहीं आएगी। गौरतलब है कि मंगलवार को नामांकन की स्क्रूटनिंग पूरी हो चुकी है। 3 सितंबर को नाम वापसी का आखिरी दिन है। ऐसे में पार्टी ने बागी उम्मीदवारों के मान मनुहार भी शुरू कर दी है। वहीं बुधवार को 41 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिए। इसके लिए भाजपा की ओर से बागी उम्मीदवारों को संगठन या बोर्ड बनने पर उनमें जगह देने का ऑफर दिया जा रहा है। वहीं, कांग्रेस ने बागियों को नामांकन दोबारा नहीं लेने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। वहीं 41 उम्मीदवारों ने बुधवार को नामांकन वापस लिए। भाजपा: वार्ड के अनुसार जिम्मेदारी, संगठन या समिति में एडजस्ट करने का वादा इधर, नामांकन वापसी का आखिरी दिन गुरुवार को है। बागियों को मनाने का दौर शुरू हो चुका है। भाजपा के कई सीनियर नेता बुधवार को फील्ड में उतरे और मान मनुहार की। बताया जा रहा है कि नाराज कार्यकर्ता और बागियों को मनाने के लिए उनकी वरियता के अनुसार वादा किया जा रहा है। इन्हें मनाने के लिए पार्टी की ओर से संगठन, मोर्चा, विभाग या प्रदेश कार्यकारिणी में जगह देने का वादा किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि संगठन के पदाधिकारी कल तक बागियों को मना लेंगे। कांग्रेस का दावा- बागियों को मनाया, साथ में दी कार्रवाई करने की चेतावनी वहीं, कांग्रेस भी बागियों को मनाने में जुट गई है। जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ.संजय गौड़ ने बताया कि निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने आवेदन वापस लेकर उन्हें पूर्ण समर्थन दिया और कांग्रेस पार्टी को भारी मतों से जीताने की अपील की है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने बताया- जिन्होंने नामांकन लिया है, उनका स्वागत है। इसके साथ ही चेतावनी भी दी है कि यदि कल यानी गुरुवार को दोपहर 3 बजे तक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन नहीं लेते हैं तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सबसे ज्यादा वार्ड 66 से नामांकन वापस लिए 41 उम्मीदवारों ने बुधवार को नामांकन वापस लिए। इनमें वार्ड संख्या 66 में सर्वाधिक 4 अभ्यर्थियों ने नामांकन वापस लिया। इसके अलावा वार्ड संख्या 46 एवं 47 में 3-3 अभ्यर्थियों, जबकि वार्ड संख्या 11, 31, 42, 56, 73 एवं 74 में 2-2 अभ्यर्थियों ने नामांकन वापस लिए। वहीं वार्ड संख्या 5, 10, 14, 15, 18, 35, 43, 44, 49, 65, 69, 71, 72, 76, 87, 92, 94, 97 एवं 100 से एक-एक अभ्यर्थी ने अपना नामांकन वापस लिया। शेखावत बोले- संभावित हार से बचने के लिए गहलोत सरकार ने निगमों को बांटा मीडिया से बातचीत करने हुए शेखावत ने कहा- चुनाव के दिन काम करे भाजपा ऐसा संगठन नहीं है। भाजपा के कार्यकर्ता और संगठन लगातार समाज के लिए काम करते हैं। वहीं, जब बागी उम्मीदवारों को लेकर सवाल पूछा तो उनका कहना था- सभी स्तर के चुनाव में काम करने वाले कार्यकर्ताओं के मन में महात्वाकांक्षा रहती है। पार्टी सभी समीकरणों को देखकर निर्णय लेती है। लेकिन, इस तरह का रोष आना सहज है। सभी से कल से बातचीत करने का सिलसिला शुरू हुआ है। सभी मिलकर काम कर रहे हैं। भाजपा परिवार के तौर पर काम करने वाली है। पार्टी में ऐसी स्थिति नहीं होगी। वहीं, निगम के बंटवारे को लेकर गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा- नगर निकाय चुनाव में साख नहीं बचने वाली है। इसलिए जोधपुर समेत बाकी निगम के दो टुकड़े किए थे। अपनी राजनीतिक से प्रेरित होकर और अपनी संभावित हार से बचने के लिए इस तरह का प्रयत्न किया गया था। लोकतंत्र का मजाक बनाने की कोशिश की। इन निगम चुनाव में भाजपा का बोर्ड बनेगा।

