पुलिस से बचने को दो तस्कर चंबल में कूदे, मौत:100 फीट ऊंचाई से नदी में पथरीली जगह पर गिरे, नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे थे

कोटा जिले में पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागे दो तस्कर चंबल नदी में कूद गए। करीब 100 फीट ऊंचे पुल से पथरीली जगह पर गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना कोटा ग्रामीण के बुड़ादित थाना क्षेत्र के मंडावरा गांव में मंगलवार सुबह 7:30 बजे हुई। आरोपी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोटा से दिल्ली रूट पर जा रहे थे। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया- तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सिमलिया थाना क्षेत्र में ऑपरेशन रूट क्लीयरेंस के तहत विशेष नाकेबंदी की जा रही थी। इसी दौरान यूपी नंबर की एक कार तेज रफ्तार में आई। पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर कार सवार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर भाग निकले। कार सवारों ने पीछा किए जाने की आशंका में रास्ते में 117 किलो डोडा चूरा से भरे 9 कट्टे सड़क किनारे फेंक दिए। कार में पंजाब के संगरूर साफीपुर कलां निवासी राज सिंह और बारां जिले के हरनावदा झिनिझिनी थाना निवासी चैन सिंह लोधा थे। जहां छलांग लगाई, वहां पथरीली जमीन होने से मौत एसपी सुजीत शंकर ने बताया- पुलिस ने तस्करों राज सिंह और चैन सिंह का पीछा किया। तब कुछ दूरी पर एक्सप्रेसवे पर मंडावरा गांव में चंबल नदी पुल के पास कार लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस के अनुसार कार सवार दोनों तस्कर गिरफ्तारी से बचने के लिए करीब 100 फीट ऊंचे पुल से कूद गए। नीचे नदी में पानी पर्याप्त नहीं था। पथरीली और मिट्टी वाली सतह होने से दोनों को गंभीर चोट आई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस पहुंची तो दोनों के शव लहूलुहान हालत में पड़े मिले थे। तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही पुलिस घटना की सूचना पर एडिशनल एसपी रामकल्याण मीणा, डीएसपी ओमप्रकाश, FSL और एमओबी की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से सबूत जुटाए गए। घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने बताया- दोनों के शव सुल्तानपुर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। बरामद 117 किलो डोडा चूरा के आधार पर पुलिस तस्करी नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
……
यह खबर भी पढ़ें… जल्दी अमीर बनने के लिए करने लगा तस्करी:50 करोड़ की हेरोइन और विदेशी पिस्टल पंजाब पहुंचानी थी, आरोपी पहले भी जा चुका जेल बीकानेर के खाजूवाला में 2 अगस्त को ऑपरेशन ‘शॉक वेव’ के तहत 50 करोड़ रुपए की करीब 10 किलो अफगान मार्का हेरोइन, 11 विदेशी पिस्टल, 22 मैगजीन, 100 कारतूस और एक बाइक जब्त की गई। आरोपी वीरेंद्र राजपुरोहित को गिरफ्तार किया गया। (पूरी खबर पढ़ें)
Back To Top