पुलिस महकमे में चर्चा:तबादले हुए पर नहीं बदली कुर्सियां; मौखिक आदेशों से रुकी कमिश्नरेट के 4 RPS की पोस्टिंग, एक माह से रिलीव नहीं हो रहे

राज्य सरकार ने एक माह पहले 84 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के तबादले किए, लेकिन जयपुर कमिश्नरेट से जुड़ी 4 अहम पोस्टिंग अब तक कागजों से बाहर नहीं निकल पाई हैं। गृह विभाग के लिखित आदेश जारी होने के बावजूद चार एडिशनल डीसीपी नए पदों पर ज्वाइन नहीं कर सके हैं। कारण उच्चाधिकारियों के ‘मौखिक आदेश’ बताए जा रहे हैं। पुलिस महकमे में चर्चा है कि एक अधिकारी की नई जगह जाने की अनिच्छा ने पूरी तबादला चेन रोक रखी है। इसी के चलते तीन अन्य अधिकारियों की ज्वाइनिंग भी अटक गई है। कमिश्नरेट स्तर पर भी इन्हीं मौखिक आदेशों की आड़ में संबंधित एडिशनल डीसीपी को रिलीव नहीं किया जा रहा है। भास्कर इनसाइट 110 से ज्यादा उप अधीक्षकों की सूची तैयार, कभी भी आदेश संभव; पुलिस मुख्यालय ने 110 से ज्यादा उप अधीक्षकों के तबादलों की सूची तैयार कर ली है। यह सूची कभी भी जारी हो सकती है। इसमें जयपुर कमिश्नरेट के 8 से ज्यादा एसीपी शामिल बताए जा रहे हैं। उप अधीक्षकों की इस प्रस्तावित सूची के कारण हाल ही में उप अधीक्षक से एएसपी पद पर पदोन्नत हुए कुछ अधिकारियों की जॉइनिंग भी अटक गई है। कुछ को नए पद दे दिए गए हैं, लेकिन उनकी जगह किसी अन्य अधिकारी को नहीं लगाया गया। ऐसे में वे रिलीव नहीं हो पा रहे। सांगानेर में एसीपी लगे हरिशंकर शर्मा को जयपुर कमिश्नरेट में एडिशनल डीसीपी इन्वेस्टिगेशन लगाया गया है। लेकिन सांगानेर में उनकी जगह किसी अन्य अधिकारी की पोस्टिंग नहीं हुई। इस कारण वे रिलीव नहीं हो पा रहे।
Back To Top