जिला प्रमुख के बाद गुरुवार को हुए उप जिला प्रमुख चुनाव में कई जिलों में 24 घंटे में ही सियासी समीकरण बदल गए। चूरू में बुधवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ कांग्रेस के बहुमत में सेंध लगाकर पुत्रवधू को जिला प्रमुख बनाने में कामयाब रहे, लेकिन उप जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा को शिकस्त झेलनी पड़ी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के गृह जिले सीकर में एक दिन पहले कांग्रेस के 4 वोट टूटे तो अगले दिन पार्टी ने BJP के खेमे में ही सेंध लगा दी। सांसद राजकुमार रोत की पार्टी ने बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में जिस भाजपा के साथ सत्ता की पार्टनरशिप की, उसी भाजपा को सलूंबर और डूंगरपुर में कांग्रेस सदस्यों के सपोर्ट से उप जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल करने से रोक दिया। 5 जिलों में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख की कुर्सियां अलग-अलग पार्टियों को मिलीं। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… सबसे पहले बात राजनीतिक परिवारों की अगली पीढ़ी की… अजमेर : पूर्व केंद्रीय मंत्री सांवरलाल जाट की अगली पीढ़ी राजनीति में अजमेर में भाजपा ने दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री सांवरलाल जाट की पुत्रवधू और नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा की भाभी सुनीता लांबा को उम्मीदवार बनाया था। उनके मुकाबले कांग्रेस ने रजिया को मैदान में उतारा था। सुनीता लांबा को 21 और कांग्रेस की रजिया को 12 वोट मिले। चुनाव में सुनीता ने 9 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। सांवरलाल जाट के निधन के बाद उनके बेटे रामस्वरूप लांबा ने उनकी राजनीतिक विरासत संभाली। अब इसी परिवार की एक और सदस्य सुनीता लांबा जिला परिषद की राजनीति में सक्रिय हैं। इनसाइड स्टोरी : सुनीता पहले जिला प्रमुख पद की दावेदार थीं सुनीता पहले जिला प्रमुख पद की दावेदार थीं। उनके सपोर्ट में नसीराबाद MLA रामस्वरूप लांबा, केकड़ी MLA शत्रुघ्न गौतम और मसूदा MLA वीरेंद्र सिंह कानावत थे। वहीं, कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत अपनी विधानसभा क्षेत्र की पूजा भंसाली के पक्ष में थे। बहू को जिला प्रमुख बनवाने के लिए सांवरलाल जाट की पत्नी ने भी जयपुर पहुंचकर भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों से मुलाकात की थी, लेकिन प्रदेश नेतृत्व ने पूजा भंसाली के पक्ष में फैसला किया। बुधवार सुबह सुनीता समर्थकों की बैठक हुई। इसके बाद 4 गाड़ियां पुष्कर में भाजपा की बाड़ेबंदी वाली जगह पहुंचीं। वहां से जिला परिषद सदस्यों को अपने साथ ले जाने की कोशिश भी की गई। सुनीता ने भी जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन फॉर्म तक ले लिया था, लेकिन आखिरकार नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके बाद स्टेट लीडरशिप के निर्देश पर MLA रामस्वरूप लांबा को पुष्कर भेजा गया। उन्होंने सदस्यों से समझाइश की। बगावत नहीं हुई और पूजा भंसाली 10 वोटों के अंतर से जिला प्रमुख बन गईं। इस पूरे सियासी घटनाक्रम के महज 24 घंटे बाद भाजपा ने सुनीता को जिला परिषद की दूसरी सबसे बड़ी कुर्सी के लिए अपना प्रत्याशी बना दिया। ये पार्टी के भीतर उभरी गुटबाजी को शांत करने और दोनों राजनीतिक खेमों के बीच संतुलन साधने की कोशिश थी। जैसलमेर : पूर्व विधायक के बेटे ने बढ़ाए राजनीतिक कदम जैसलमेर में कांग्रेस के पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव के बेटे हरीश धनदेव को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया। हरीश धनदेव के सामने किसी अन्य प्रत्याशी का नाम सामने नहीं आया और वो निर्विरोध ही उप जिला प्रमुख निर्वाचित हो गए। रूपाराम के बाद अब उनके बेटे का पंचायतीराज की राजनीति में सक्रिय होना राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। हरीश धनदेव इंजीनियर हैं। अब बात उन जिलों की, जहां महज 24 घंटे में बदल गए राजनीतिक समीकरण… चूरू : पुत्रवधू के लिए किंग मेकर बने राठौड़ नहीं दोहरा पाए सफलता बुधवार को चूरू में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने अपनी पुत्रवधू कनिका सिंह को जिला प्रमुख बनवाकर कांग्रेस के बहुमत के गणित को बिगाड़ दिया था। 39 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस के पास 21 सदस्य थे, जबकि भाजपा के 17 और एक निर्दलीय सदस्य था। इसके बावजूद कनिका सिंह को 22 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की प्रकाश बुडानिया को केवल 17 वोट मिले। गुरुवार को उसी जिला परिषद में भाजपा के नरेश सहारण और कांग्रेस के छोटूलाल मेघवाल आमने-सामने थे। भाजपा के नरेश सहारण को 18 और कांग्रेस के छोटूलाल मेघवाल को 21 वोट मिले। बुधवार की तुलना में गुरुवार को भाजपा के वोटों में 4 वोट कम और कांग्रेस के वोटों में 4 वोट ज्यादा का अंतर आया। ब्यावर : कल भाजपा का गणित बिगड़ा, आज फिर उन्हीं सदस्यों के हाथ में था फैसला ब्यावर में बुधवार को कांग्रेस ने भाजपा के बहुमत के बावजूद अपना जिला प्रमुख बनाकर बड़ा उलटफेर किया था। 27 सदस्यीय जिला परिषद में भाजपा के 14 और कांग्रेस के 13 सदस्य थे। इसके बावजूद कांग्रेस की ममता गुर्जर को 14 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 13 वोट ही मिल पाए। भाजपा ने टीकम सिंह चौहान और कांग्रेस ने प्यारी देवी को उप जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया। टीकम सिंह को 15 और प्यारी देवी को 12 वोट मिले। भाजपा को अपनी सदस्य संख्या के मुकाबले 1 वोट ज्यादा और कांग्रेस को 1 वोट कम मिला। बुधवार की हार के बाद भाजपा ने बदली रणनीति? जिला प्रमुख चुनाव में हार के बाद भाजपा के भीतर ही एक-दूसरे पर सवाल उठने लगे थे। ब्यावर MLA शंकर सिंह रावत ने तो यहां तक दावा किया था कि BJP ने कांग्रेस के एक सदस्य का वोट हासिल कर लिया था, लेकिन उनके अपने ही दो सदस्यों ने धोखा देकर कांग्रेस को जीत दिला दी थी। लेकिन, गुरुवार को परिणाम भाजपा के पक्ष में आया। इस जीत से भाजपा को एक दिन पहले मिली हार के बाद राजनीतिक राहत मिली है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा से बगावत करने वाले सदस्य वापस पार्टी के साथ आ गए या फिर अब BJP ने कांग्रेस के खेमे में सेंध लगाकर उप जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की है। सीकर : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के गृह जिले में एकजुटता की परीक्षा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के गृह जिले सीकर में बुधवार को कांग्रेस की सुनीता गठाला जिला प्रमुख चुनी गई थीं। हालांकि पार्टी के चार वोट भाजपा के खाते में जाने की बात सामने आई थी। गुरुवार को भाजपा के बाबूलाल गुर्जर और कांग्रेस के रमेश बेरवाल आमने-सामने हुए। कांग्रेस के रमेश बेरवाल को 37 और भाजपा के बाबूलाल गुर्जर को 12 वोट मिले। जिला प्रमुख चुनाव की तुलना में उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस के वोटों में एक वोट की बढ़ोतरी का अंतर आया, जबकि भाजपा को एक वोट कम मिला। 24 घंटे में कांग्रेस के बागी लौटे, भाजपा के खेमे में भी सेंध जिला प्रमुख के चुनाव के दौरान अपनों की बगावत झेलने वाली कांग्रेस ने 24 घंटे के भीतर न केवल अपना घर संभाला, बल्कि भाजपा के घर में भी सेंध लगा दी। गुरुवार को उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस के रमेश ने भाजपा के बाबूलाल गुर्जर को 25 वोटों से हराया। 49 सदस्यों वाली जिला परिषद में कांग्रेस के 36 और भाजपा के 13 सदस्य थे। इसके बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी को 37 और भाजपा प्रत्याशी को 12 वोट मिले। बीकानेर : डूडी परिवार की जीत के बाद कांग्रेस के दोनों खेमों का क्या रहा रुख? बीकानेर में बुधवार को जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के भीतर बगावत देखने को मिली थी। पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी के परिवार की निकिता डूडी के सामने पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता ने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। निकिता को 23 वोट मिले, जबकि पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी और कांग्रेस की बागी प्रत्याशी सरिता चौहान को 18 वोट मिले। निकिता जीत गई, लेकिन 30 सदस्य होने के बावजूद सिर्फ 23 वोट मिलना पार्टी के भीतर बगावत को दर्शा गया था। गुरुवार को उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने मदन चौहान और भाजपा ने मांगीलाल को उम्मीदवार बनाया। उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने पिछले दिन के मुकाबले बड़ी जीत हासिल की और मदन चौहान नए उप जिला प्रमुख बने हैं। कांग्रेस को 31 और भाजपा को 8 वोट मिले। दिलचस्प सियासी समीकरण : 2 पार्टियां, 2 कुर्सियां बांसवाड़ा : जिला प्रमुख की कुर्सी BAP के पास, उप जिला प्रमुख की कुर्सी BJP के खाते में बांसवाड़ा में 43 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस के 21, BAP के 17 और BJP के पांच सदस्य हैं। बुधवार को BJP के समर्थन से BAP की रीना रावत को 22 वोट मिले और वे जिला प्रमुख बन गईं। गुरुवार को भाजपा ने प्रियंका कुंवर और कांग्रेस ने रमेश नायक को उप जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया। प्रियंका कुंवर को 22 और रमेश नायक को 21 वोट मिले। कांग्रेस से नहीं बनी बात, तो BAP ने BJP से किया सियासी समझौता जिला प्रमुख चुनाव से पहले कांग्रेस और BAP के बीच गठबंधन को लेकर कई दौर की बातचीत हुई थी। बांसवाड़ा में सबसे ज्यादा सीटें जीतने के कारण कांग्रेस जिला प्रमुख की कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं थी। इसी गतिरोध के बीच BJP और BAP के साथ आने का रास्ता खुला। इसी समझौते के तहत BJP ने जिला प्रमुख पद पर अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था और BAP का सपोर्ट किया। इसके बाद ही अब उप जिला प्रमुख पद पर भाजपा ने अपना उम्मीदवार उतारकर गांव की सत्ता में हिस्सेदारी हासिल की है। डूंगरपुर : कल लॉटरी से BAP जीती, आज कांग्रेस के 1 वोट से मिली जीत डूंगरपुर में बुधवार को जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा और BAP प्रत्याशियों को 14-14 वोट मिले थे। लॉटरी से BAP के अनुतोष रोत जिला प्रमुख चुने गए। गुरुवार को भाजपा के हितेश रावल और BAP की मंजूला रोत उप जिला प्रमुख पद के उम्मीदवार थे। कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। भाजपा के हितेश रावल को 14 और BAP की मंजूला रोत को 15 वोट मिले। सलूंबर : जिला प्रमुख कांग्रेस का, उप जिला प्रमुख BAP के पास सलूंबर में बुधवार को कांग्रेस की पुष्पा देवी जिला प्रमुख चुनी गई थीं। गुरुवार को उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस का कोई प्रत्याशी सामने नहीं आया। यहां भाजपा के हितेश कुमार और BAP के सुरेश कुमार सोनू के बीच मुकाबला हुआ। हितेश कुमार को 9 और सुरेश कुमार सोनू को 12 वोट मिले। ऐसे में सलूंबर की जिला परिषद में जिला प्रमुख की कुर्सी कांग्रेस और उप जिला प्रमुख की कुर्सी BAP के पास चली गई। बांसवाड़ा में BJP-BAP की दोस्ती, सलूंबर में एक-दूसरे के खिलाफ लड़ा चुनाव : एक जिले में BJP के सपोर्ट से सत्ता हासिल करने वाली BAP ने दूसरे जिले में कांग्रेस सदस्यों के सपोर्ट से BJP प्रत्याशी को हरा दिया। प्रतापगढ़ : जिला प्रमुख भाजपा का, उप जिला प्रमुख BAP का बांसवाड़ा के बाद प्रतापगढ़ में भी भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी का सियासी गठजोड़ देखने को मिला। प्रतापगढ़ में बुधवार को भाजपा की हकरी कुमारी जिला प्रमुख चुनी गई थीं। गुरुवार को उप जिला प्रमुख के लिए कांग्रेस ने दिनेश जाट और BAP ने रमेश मइड़ा को मैदान में उतारा। भाजपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। कांग्रेस के दिनेश जाट को 11 और BAP के रमेश मइड़ा को 13 वोट मिले। इस तरह प्रतापगढ़ में जिला प्रमुख का पद भाजपा और उप जिला प्रमुख का पद भाजपा के समर्थन से BAP के खाते में गया। बालोतरा : BJP, कांग्रेस और RLP तीनों ने उतारे उम्मीदवार बालोतरा में जिला प्रमुख की कुर्सी भाजपा के खाते में जाने के बाद उप जिला प्रमुख की कुर्सी के चुनाव में BJP, कांग्रेस और RLP तीनों ने अपने प्रत्याशी उतारे। भाजपा ने जसाराम प्रजापत, कांग्रेस ने श्रवण पटेल और RLP ने थानसिंह को प्रत्याशी बनाया। भाजपा- कांग्रेस को 13-13 और आरएलपी को 5 वोट मिले। लॉटरी के बाद बीजेपी के जस्साराम उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए। RLP के 5 वोटों ने बनाया मुकाबले में सस्पेंस बालोतरा में एक दिन पहले कांग्रेस का समर्थन कर जिला प्रमुख चुनाव में मैदान में उतरी RLP ने उप जिला प्रमुख चुनाव में खुद का प्रत्याशी मैदान में उतारा था। RLP प्रत्याशी थान सिंह को 5 वोट मिले। यदि इनमें से एक भी वोट BJP या कांग्रेस को मिलता तो चुनाव का फैसला लॉटरी की बजाय मतों से ही हो जाता। लेकिन मुकाबला टाई हुआ और भाग्य का सहारा बीजेपी को मिला। डीडवाना-कुचामन : कल किस्मत के सहारे भाजपा को मिली सत्ता, आज कांग्रेस ने 9 वोटों से जीता चुनाव
डीडवाना-कुचामन में बुधवार को जिला प्रमुख की कुर्सी लॉटरी के जरिए हासिल करने वाली भाजपा को महज 24 घंटे बाद उप जिला प्रमुख के चुनाव में बड़ी हार का सामना करना पड़ा। गुरुवार को कांग्रेस के हितेश्वर कुमार जाखड़ और भाजपा के महेंद्र चौधरी आमने-सामने थे। 35 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस प्रत्याशी को 22 और भाजपा प्रत्याशी को महज 13 वोट मिले। जाखड़ 9 वोटों के अंतर से उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए। दौसा : विधायक की पत्नी जिला प्रमुख, छोटूराम मीणा उप जिला प्रमुख दौसा में कांग्रेस ने लगातार दूसरे दिन बिना मतदान के जिला परिषद की सत्ता हासिल की। बुधवार को कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा की पत्नी बीना बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख चुनी गई थीं। गुरुवार को कांग्रेस के छोटूराम मीणा निर्विरोध उप जिला प्रमुख बन गए। भाजपा ने दोनों ही पदों के चुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। अलवर : भाजपा ने नहीं उतारा प्रत्याशी अलवर में बुधवार को जिला प्रमुख पद के लिए भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने थीं। भाजपा ने संतोष मीणा और कांग्रेस ने अनीता मीणा को प्रत्याशी बनाया था। गुरुवार को कांग्रेस ने अर्जुन सिंह को उप जिला प्रमुख का उम्मीदवार बनाया, लेकिन भाजपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। इसके चलते अर्जुन सिंह निर्विरोध उप जिला प्रमुख बन गए। धौलपुर : कांग्रेस के पास दोनों कुर्सियां, वीर सिंह मीणा निर्विरोध उप जिला प्रमुख धौलपुर में बुधवार को कांग्रेस की अनिशा कुमारी जिला प्रमुख चुनी गई थीं। गुरुवार को कांग्रेस के वीर सिंह मीणा निर्विरोध उप जिला प्रमुख बन गए। भाजपा ने उप जिला प्रमुख पद के लिए अपना उम्मीदवार नहीं उतारा। इसके साथ ही धौलपुर जिला परिषद की दोनों शीर्ष कुर्सियों पर कांग्रेस का कब्जा हो गया।
डीडवाना-कुचामन में बुधवार को जिला प्रमुख की कुर्सी लॉटरी के जरिए हासिल करने वाली भाजपा को महज 24 घंटे बाद उप जिला प्रमुख के चुनाव में बड़ी हार का सामना करना पड़ा। गुरुवार को कांग्रेस के हितेश्वर कुमार जाखड़ और भाजपा के महेंद्र चौधरी आमने-सामने थे। 35 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस प्रत्याशी को 22 और भाजपा प्रत्याशी को महज 13 वोट मिले। जाखड़ 9 वोटों के अंतर से उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए। दौसा : विधायक की पत्नी जिला प्रमुख, छोटूराम मीणा उप जिला प्रमुख दौसा में कांग्रेस ने लगातार दूसरे दिन बिना मतदान के जिला परिषद की सत्ता हासिल की। बुधवार को कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा की पत्नी बीना बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख चुनी गई थीं। गुरुवार को कांग्रेस के छोटूराम मीणा निर्विरोध उप जिला प्रमुख बन गए। भाजपा ने दोनों ही पदों के चुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। अलवर : भाजपा ने नहीं उतारा प्रत्याशी अलवर में बुधवार को जिला प्रमुख पद के लिए भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने थीं। भाजपा ने संतोष मीणा और कांग्रेस ने अनीता मीणा को प्रत्याशी बनाया था। गुरुवार को कांग्रेस ने अर्जुन सिंह को उप जिला प्रमुख का उम्मीदवार बनाया, लेकिन भाजपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। इसके चलते अर्जुन सिंह निर्विरोध उप जिला प्रमुख बन गए। धौलपुर : कांग्रेस के पास दोनों कुर्सियां, वीर सिंह मीणा निर्विरोध उप जिला प्रमुख धौलपुर में बुधवार को कांग्रेस की अनिशा कुमारी जिला प्रमुख चुनी गई थीं। गुरुवार को कांग्रेस के वीर सिंह मीणा निर्विरोध उप जिला प्रमुख बन गए। भाजपा ने उप जिला प्रमुख पद के लिए अपना उम्मीदवार नहीं उतारा। इसके साथ ही धौलपुर जिला परिषद की दोनों शीर्ष कुर्सियों पर कांग्रेस का कब्जा हो गया।

