दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चेचट टनल की एक साइड सोमवार सुबह 8 बजे से ट्रायल के तौर पर खोल दी गई है। फिलहाल मध्य प्रदेश और झालावाड़ से कोटा आने वाले वाहनों का संचालन इसी टनल से होगा। एनएचएआई (NHAI) के प्रोजेक्ट मैनेजर संदीप अग्रवाल ने बताया- कोटा से झालावाड़ जाने वाली दूसरी टनल भी अगले 15 दिनों में शुरू कर दी जाएगी। टनल शुरू होने से दरा की नाल में लगने वाले लंबे जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में करीब 50 फीसदी वाहन दरा की नाल से होकर गुजर रहे हैं, जिससे अक्सर यातायात बाधित रहता है। दूसरी ओर, दरा में बन रहे रेलवे अंडरपास के दूसरे हिस्से में गर्डर डालने और नई पटरी बिछाने के काम के चलते सोमवार को कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक करीब 16 घंटे सड़क यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान अप और डाउन रेलवे लाइन पर भी 11 ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। डायवर्जन व्यवस्था -झालावाड़ और मध्य प्रदेश जाने वाले वाहन: कोटा से एनएच-52 पर ‘ढाड़ का मोका’ से भटवाड़ा होकर डायवर्ट किए जाएंगे। -रामगंजमंडी, मोड़क और सुकेत से कोटा आने वाले वाहन: इन्हें मोड़क और चेचट होते हुए एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा। -दिल्ली जाने वाले भारी वाहन: मध्य प्रदेश और एक्सप्रेस-वे की ओर से आने वाले सभी भारी वाहन चेचट टनल के जरिए दिल्ली की ओर निकल सकेंगे।

