भरतपुर में जूस के गिलास में मांस का टुकड़ा निकलने के बाद हंगामा हो गया। जूस पी रहे युवक का आरोप है कि मैंगो शेक में किशमिश बताई गई थी, लेकिन हकीकत में वह मांस का टुकड़ा था। उसे कई बार धोकर भी चेक किया। हालांकि विवाद बढ़ा तो दुकानदार ने उस टुकड़े को फेंक दिया। मौके पर बजरंग दल के जिला संयोजक भी पहुंचे। हालांकि तलाशी के दौरान जूस की दुकान के पास एक थैली भी मिली। दावा है कि थैली में मांस भरा हुआ था। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने दुकानदार को पीट दिया। मामला शहर के लूपिन चौराहे के पास सोमवार शाम 6 बजे का है। मथुरा गेट थानाधिकारी हरलाल मीणा का कहना है कि एक दुकान पर जूस में मांस का टुकड़ा निकलने पर विवाद हुआ था। आरोपी को हिरासत में लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पहले देखिए- 2 PHOTOS पहले बताया किशमिश, धोने पर निकला मांस का टुकड़ा बजरंग दल के जिला संयोजक शुभम सैंथरा ने बताया- जूस की दुकान के मालिक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें दुकानदार कह रहा है कि मैं अपना असली नाम बताऊं या नकली नाम बताऊं। हम इसी सिलसिले में आज दोपहर को उसकी दुकान पर गए थे। हमने उससे कहा कि जो भी तेरा असली नाम है, वह बता दे। इसी दौरान एक युवक वहां जूस पी रहा था। उसने दुकानदार से कहा कि मेरे ग्लास में कुछ आ गया है। इसे चेक करना। दुकान मालिक ने कहा कि यह किशमिश है। तब दुकान मालिक को दोबारा चेक करने को कहा। जब उस टुकड़े को धोकर देखा तो वह मांस का टुकड़ा था। शुभम ने बताया- इसके बाद हमने जूस की दुकान को चेक किया तो उसके पास ही काली थैली मिली। उसमें मांस का बड़ा टुकड़ा था। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। फिलहाल दुकान मालिक को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी फरार हो गए। पुलिस ने मांस के टुकड़े को जब्त करवा कर मेडिकल के लिए भिजवाया है।

