जयपुर के अपेक्स हॉस्पिटल से एक मरीज की करीब 5 लाख रुपए की ज्वेलरी चोरी हो गई। दरअसल, पत्नी को आईसीयू में एडमिट कराने के बाद पति हॉस्पिटल के गेस्ट हाउस में सो रहा था। पास में ही लेटा आरोपी महज 5 मिनट में चोरी कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार वारदात 11 जून की है। चोरी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें आरोपी अपने साथियों के साथ नजर आ रहा है। सबसे पहले देखिए- चोरी के 3 PHOTOS… अब जानिए- क्या है पूरा मामला मालवीय नगर थाने के एएसआई (ASI) गंगासहाय ने बताया कि दौसा के बडोली निवासी गोपीराम मीणा (58) के साथ यह वारदात हुई है। वे सरकारी स्कूल में टीचर हैं। 11 जून की रात करीब 10 बजे उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई थी। इलाज के लिए वे अपनी पत्नी को लेकर अपेक्स हॉस्पिटल पहुंचे और उन्हें इमरजेंसी वार्ड में एडमिट करवाया। मरीज को आईसीयू (ICU) में शिफ्ट करने से पहले स्टाफ ने पत्नी की ज्वेलरी गोपीराम को सौंप दी। रात करीब 12.30 बजे गोपीराम हॉस्पिटल के गेस्ट हाउस में सोने के लिए चले गए। रात 3 बजे घुसे बदमाश, पहले रेकी, फिर चोरी पुलिस जांच के अनुसार तीनों आरोपी रात करीब 3 बजे गेस्ट हाउस में आए थे। वे काफी देर तक मरीजों के परिजनों के आसपास घूमते रहे। फिर एक बदमाश गोपीराम के पास जाकर लेट गया। फिर कुछ मिनटों के बाद उसने ज्वेलरी के बैग को निकाल लिया। इसके बाद अपने साथियों के साथ फरार हो गया। सुबह उठने पर गोपीराम को कपड़ों में रखे गहने गायब मिले। इसके बाद हॉस्पिटल के गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में तीनों आरोपी नजर आए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। जयपुर में साढ़े चार साल में करीब 35 हजार चोरी राजस्थान पुलिस की सालाना रिपोर्ट के अनुसार जयपुर में हर साल औसतन 11 हजार से ज्यादा चोरी और नकबजनी हो रही है। वर्ष 2022 से अप्रैल 2026 तक दर्ज 34,989 संपत्ति अपराधों में से 30,742 चोरी और 4,247 नकबजनी के मामले सामने आए हैं। पूर्वी जिले में 13,610 चोरी और 1,282 नकबजनी के मामले दर्ज हुए, जो शहर में सबसे अधिक हैं। इसके बाद दक्षिण जिले में 12,410 चोरी और 1,302 नकबजनी के मामले सामने आए। जयपुर में क्यों बढ़ रही हैं चोरी? एक्सपर्ट का कहना है कि अपराधियों ने लोगों की दिनचर्या और पुलिस गश्त के पैटर्न को समझकर वारदात का समय तय कर लिया है। दिन में खाली मकान और रात में सुनसान इलाके उनके आसान निशाने बन रहे हैं। करीब साढ़े चार साल के डेटा को देखा जाए तो इनमें दिन के समय हुईं वारदातें दोपहर 12 से शाम 3 बजे के बीच हुईं, जबकि अधिकांश नकबजनी की घटनाएं रात 12 से सुबह 4 बजे के बीच हुईं हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जयपुर-दिल्ली और आगरा हाईवे से सीधा जुड़ाव अपराधियों के लिए आसान प्रवेश और निकास का रास्ता बनाता है। जयपुर में बेखौफ बदमाश…ज्वेलरी चोरी की ये खबरें भी पढ़िए 1. बुजुर्ग को गिराया, घसीटाVIDEO:लाखों के गहने लूट ले गया बदमाश जयपुर के सोडाला इलाके में इसी साल जून में बदमाश ने दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। मंदिर से दर्शन कर लौट रही महिला से लाखों के गहने लूटकर फरार हो गया। हादसे के बाद से बुजुर्ग सदमें में है। पूरी खबर पढ़िए 2. घर से 35-लाख के गहने और स्कूटी चोरी, पैदल आया था नकाबपोश जयपुर के पॉश इलाके मानसरोवर में इसी साल अप्रैल में एक घर से आरोपी नकाबपोश ने 35 लाख की ज्वेलरी चोरी कर ली। पैदल आया नकाबपोश बदमाश घर के अंदर चाबी मिलने पर पोर्च में रखी स्कूटी भी चुरा ले गया। पूरी खबर पढ़िए 3. 45 लाख के गहने बैग में भरकर ले गए चोर, ज्वेलरी शॉप में लूट इसी साल अप्रैल में ही जयपुर में एक ज्वेलरी की दुकान करीब 45 लाख की चोरी हुई थी। चोरों ने दुकान का चैनल गेट तोड़कर एंट्री की और 18 किलो चांदी और 7 ग्राम सोने के गहने कपड़े के बैग में भरकर ले गए। पूरी खबर पढ़िए

