कोटा में जानवरों के लिए पानी की पाइप लाइन बिछाई:चंबल का पानी 200 फीट गहराई से पंप के जरिए टैंक में पहुंच रहा, 50 किमी तक पाइप लाइन लगाई

कोटा के मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में जानवरों के लिए पाइप लाइन के जरिए पीने का पानी पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए चंबल का पानी सोलर पंप लगाकर रिजर्व में अलग-अलग जगह करीब 1-1 लाख लीटर के फाइबर टैंक में जा रहा है। टैंक से पाइप के जरिए वानी को वाटर हॉल (जानवरों के पानी पीने की जगह) तक पहुंचा जा रहा है। हाल ही में टाइगर रिजर्व के सर्व पर आई वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट की प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन ( WEE) की टीम ने इस काम को सराहा है। क्योंकि पानी को लिफ्ट करके वाटर हॉल तक पहुंचा जा रहा है। ऐसा अन्य टाइगर रिजर्व में भी होना चाहिए। रिजर्व में 4 जगह टैंक लगाए गए मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के सीसीएफ टी मोहनराज ने बताया- जानवरों को पीने का पानी मुहैया करने के लिए रिजर्व में 4 जगह बनाई हुईं हैं। इनमें कोलीपुरा, बोराबास में एक-एक और जवाहर सागर में दो स्पॉट बनाए है। यहां पानी स्टोर करने के लिए 1-1 लाख लीटर केपेसीटी के फाइबर टैक बनाए हैं। इन टैंक के जरिए रिजर्व के वाटर हॉल में पानी भरा जाता है। रिजर्व के जानवर इन वाटर हॉल पर आकर आसानी से पानी पीते है। क्यों पड़ी जरूरत रिजर्व क्षेत्र का काफी हिस्सा चंबल नदी के किनारे से सटा है। ऊंचाई अधिक होने के कारण जानवर पानी पीने के लिए नीचे उतर और चढ़ नहीं पाते। गराडिया महादेव का क्षेत्र भी ऐसा ही है। इन जगहों को विभाग ने चिन्हित किया। फिर वहां पर सोलर पंप लगाकर पानी लिफ्ट किया। पाइप लाइन के जरिए फाइबर टैंक तक पहुंचाया। टी मोहन राज ने बताया- पिछले 7 महीने से प्रोजेक्ट चालू है। चंबल नदी से करीब 200-250 फीट गहराई से पानी सोलर पंप से लिफ्ट किया जा रहा है। लिफ्ट किए पानी को फाइबर टैंक में स्टोर किया जाता है। फिर यहां से पाइप लाइन के जरिए वाटर हॉल तक पानी पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए रिजर्व क्षेत्र में 40-50 किमी पाइप लाइन बिछाई गई है। वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की टीम ने तारीफ की हाल ही में वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन (MEE) टीम ने मुकंदरा रिजर्व के इस मॉडल को देखा और तारीफ की। टीम का कहना था कि देशभर के टाइगर रिजर्व में शायद ये पहला मामला है, जहां 200-250 फीट गहराई से पानी लिफ्ट करके वाटर हॉल तक पहुंचाया जा रहा है। चर्चा के दौरान टीम इसे देशभर में प्रमोट करने की बात कहीं। मुकंदरा का एरिया बढ़ेगा, चित्तौड़गढ़ का 300 वर्ग किमी का क्षेत्र रिजर्व में शामिल होगा टी मोहन राज ने बताया- टाइगर रिजर्व में बाघों की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए दिल्ली से वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट की प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन ( WEE) टीम पहुंची। टीम ने दो दिन तक रिजर्व में घूमकर बाघों की निगरानी, ग्रासलैंड डेवलपमेंट, शिकार प्रजातियों की उपलब्धता, जल प्रबंधन और गिद्ध संरक्षण सहित करीब 35 महत्वपूर्ण कसौटियों पर व्यवस्थाओं को परखा। वन्यजीव संरक्षण के लिए जरूरी नई सुविधाओं और मौजूदा व्यवस्थाओं में सुधार के पहलुओं पर चर्चा की। ये टीम हर 4 साल में देशभर के टाइगर रिजर्व में जाकर सर्वें करती है। सर्वें रिपोर्ट नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी NTCA को भेजती है। NTCA के एप्रूवल के बाद टीम की रिकमेंडेशन को टाइगर रिजर्व में लागू किया जाता। साल 2022 में टीम ने मुकंदरा में सर्वें किया था। भैंसरोडगढ़ के कुछ हिस्से को मुकंदरा रिजर्व में शामिल करने की रिकमेंडेशन की थी। रिकमेंडेशन के बाद साल 2023 में भैंसरोडगढ़ का कुछ क्षेत्र मुकंदरा में शामिल हुआ था। इसके बाद मुकंदरा का क्षेत्रफल बढ़कर 1135.78 वर्ग किलोमीटर हो गया। इस बार टीम ने चित्तौड़गढ़ वन मंडल का 300 वर्ग किलोमीटर एरिया मुकंदरा रिजर्व में शामिल करने की चर्चा की है। यदि टीम यह रिकमेंडेशन NTCA को देती है तो मुकंदरा का क्षेत्रफल 1135.78 वर्ग किमी से बढ़कर 1435 वर्ग किमी हो जाएगा।
Back To Top