एलडीसी पेपर लीक मामला, आरोपी टीचर समेत तीन सस्पेंड:3 आरोपी अब भी फरार, प्रिंसिपल पर अब तक कार्रवाई नहीं

जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल परीक्षा केंद्र पर हुई एलडीसी भर्ती परीक्षा में नकल के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस रिपोर्ट और मुख्य आरोपी शिक्षक के न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेजे जाने के बाद जोधपुर के संयुक्त शिक्षा निदेशक ने आरोपी शिक्षक पदमसिंह को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही परीक्षा कक्ष में ड्यूटी पर तैनात दो वीक्षक भीम सिंह और जालम सिंह को भी सस्पेंड किया गया है। हालांकि मामले में नामजद प्रिंसिपल पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, प्रिंसिपल समेत तीन आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। कमरा नंबर 10 में ड्यूटी देने वाले दोनों वीक्षक भी सस्पेंड शिक्षा विभाग ने परीक्षा कक्ष नंबर 10 में तैनात वीक्षक भीम सिंह और जालम सिंह को भी सस्पेंड कर दिया है। वहीं, सस्पेंड किए गए टीचर पदमसिंह का मुख्यालय सीबीईओ कार्यालय पोकरण तय किया गया है। विभागीय कार्रवाई पुलिस रिपोर्ट और आरोपी के जेल भेजे जाने के बाद की गई। 5 जुलाई को परीक्षा के दौरान सामने आया था नकल का मामला एलडीसी भर्ती परीक्षा के दौरान स्वामी विवेकानंद मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र पर नकल का मामला सामने आया था। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने परीक्षार्थी मनु कंवर और मुख्य आरोपी शिक्षक पदमसिंह को गिरफ्तार किया था। पदमसिंह के न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने की आधिकारिक सूचना मिलने के बाद जोधपुर के संयुक्त शिक्षा निदेशक ने उनके निलंबन के आदेश जारी किए। निलंबन अवधि के दौरान उनकी उपस्थिति सीबीईओ कार्यालय पोकरण में रहेगी। प्रिंसिपल समेत तीन आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर पुलिस ने मुख्य आरोपी शिक्षक पदमसिंह और महिला परीक्षार्थी मनु कंवर को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मामले में नामजद केंद्राधीक्षक एवं प्रिंसिपल उम्मेदसिंह तथा दोनों वीक्षक जालम सिंह और भीम सिंह अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) महेश बिस्सा ने बताया कि संयुक्त निदेशक ने दो वीक्षकों और शिक्षक को निलंबित कर दिया है तथा पदमसिंह का मुख्यालय सीबीईओ कार्यालय पोकरण बनाया गया है। प्रिंसिपल का निलंबन क्यों नहीं हुआ? मामले में नामजद केंद्राधीक्षक उम्मेदसिंह का निलंबन अभी तक नहीं हुआ है। शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार प्रधानाचार्य (प्रिंसिपल) को निलंबित करने का अधिकार केवल माध्यमिक शिक्षा निदेशक, बीकानेर के पास है। इसलिए उनके संबंध में आदेश वहीं से जारी होगा। — पेपर लीक से जुडी ये खबर भी पढ़ें … LDC परीक्षा विवाद,SP बोले-गिरफ्तारी के तीन दिन बाद आरोप बेतुके:कोर्ट ने दोबारा मेडिकल के लिए मना किया; पुलिस पर राजनीतिक दबाव नहीं जैसलमेर के चर्चित एलडीसी भर्ती परीक्षा नकल मामले में पुलिस हिरासत के दौरान प्रताड़ना के आरोप लगाने वाले आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। पूरी खबर पढ़िए
Back To Top