लॉरेंस गैंग राजस्थान के बाल सुधार गृहों में बंद नाबालिगों को अपनी गैंग में शामिल कर रही है। जयपुर के बाल सुधार गृह में बंद 6 बाल अपचारियों के तार विदेशों में बैठे लॉरेंस गैंग के गैंगस्टरों से जुड़े होने की पुष्टि हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये बाल अपचारी दूसरे नाबालिगों को भी गैंग में शामिल करने के लिए ट्रेनिंग दे रहे थे। मोबाइल से विदेशी नंबरों पर गैंग के टॉप बदमाशों से बात करवाई जाती थी। झांसा दिया जाता था कि एक बार टारगेट (वारदात) पूरा कर दिया तो लॉरेंस सबको विदेश में सैटल कर देगा। चौंकाने वाली बात यह है कि पूरा नेटवर्क बाल सुधार गृह की चारदीवारी के भीतर से चल रहा था। जिम्मेदारों को इसकी कानों-कान खबर तक नहीं थी। हरियाणा पुलिस के इनपुट पर जब पुलिस ने छापा मारा तो 4 मोबाइल फोन, 4 चार्जिंग एडॉप्टर और करीब 20 ग्राम गांजा मिला। बाल सुधार गृह से कैसे गैंग का नेटवर्क बढ़ाने की साजिश रची जा रही थी? कैसे हरियाणा पुलिस को इसकी भनक लगी? पढ़िए संडे बिग स्टोरी में…. हरियाणा की साइबर टीम से मिला इनपुट मामले का खुलासा हरियाणा पुलिस की साइबर टीम से मिले इनपुट के बाद हुआ। हरियाणा की साइबर टीम की जांच में सामने आया कि बार-बार जेलों में बंद गैंगस्टरों के पास संदिग्ध कॉल आ रहे हैं। सभी कॉल करने वालों की लोकेशन एक ही है, जबकि सिम (मोबाइल नंबर) इस्तेमाल हो रहे हैं, वो राजस्थान के अलग-अलग जिलों में अलग-अलग नाम से एक्टिव हैं। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने 14 नवंबर को राजस्थान एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) को सेठी कॉलोनी स्थित बाल सुधार गृह की लोकेशन शेयर की। इसके बाद एजीटीएफ ने अपने स्तर पर कॉल की जांच की। जांच में पुष्टि हुई कि बाल सुधार गृह से ही बदमाशों के पास कॉल की जा रही थीं। एजीटीएफ ने संदिग्ध नंबरों पर नजर रखी और कॉल से जुड़े इनपुट जुटाए। इसके बाद 15 नवंबर को जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल को बाल सुधार गृह में मोबाइल फोन होने और बदमाशों से बातचीत किए जाने की जानकारी दी गई। कमिश्नर के निर्देश पर CST टीमों सादा वर्दी में पहुंचकर छापा मारा। करीब 3 घंटे बाल सुधार गृह की तलाशी ली। इस दौरान दो कमरों से 4 मोबाइल फोन, 4 चार्जिंग एडॉप्टर और करीब 20 ग्राम गांजा बरामद हुआ। 6 बाल अपचारी थे संपर्क में, दूसरों का ब्रेनवॉश कर कहते- लॉरेंस विदेश में कर देगा सैटल पुलिस को मिले शुरुआती इनपुट के मुताबिक, बाल सुधार गृह में बंद 6 बाल अपचारी लॉरेंस गैंग के गैंगस्टरों के संपर्क में थे। अब पुलिस जांच में इसकी पुष्टि भी हुई है। जांच में सामने आया है कि कुछ बाल अपचारी गैंग के इशारे पर बाल सुधार गृह में रखे गए दूसरे नाबालिगों का ब्रेनवॉश कर रहे थे। उन्हें अपने नेटवर्क में जोड़ने और लॉरेंस गैंग से मिले क्राइम के टारगेट पूरे करने के लिए तैयार कर रहे थे। लॉरेंस गैंग के टॉप लेवल के गुर्गों से वीडियो कॉल पर कनेक्ट होते थे। नेटवर्क में जुड़ने वाले नए नाबालिगों से बात कर झांसा देते हुए कहते- ‘एक बार उनका (लॉरेंस) काम कर दो, फिर वो विदेश में सैटल कर देगा।’ पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल फोन के जरिए गैंग के किन सदस्यों से बातचीत होती थी। पुलिस को देख मोबाइल तोड़ने लगे, टीम का विरोध भी किया पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि तलाशी के दौरान कुछ बाल अपचारियों ने मोबाइल छिपाने की कोशिश की। जब वे इसमें सफल नहीं हुए तो मोबाइल तोड़ने लगे। पुलिस टीम का विरोध भी किया गया। तलाशी में बाल अपचारियों के साथ बालिग हो चुके कुछ बदमाशों के पास से भी मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि बाल सुधार गृह में मोबाइल फोन किस रास्ते से पहुंचे और इन्हें किसने उपलब्ध कराया। ट्रांसपोर्ट नगर थाने में NDPS एक्ट और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस बरामद मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जेल की चारदीवारी में गैंग का नेटवर्क, बाहर निकलते ही वारदात एजीटीएफ के इनपुट के मुताबिक, बाल सुधार गृह से कई बार बाल अपचारी भाग चुके हैं। भागने वाले कुछ नाबालिगों का इस्तेमाल लॉरेंस गैंग दूसरे राज्यों में भी वारदातों के लिए कर चुकी है। एजेंसी के अनुसार, फरवरी 2024 में जयपुर बाल सुधार गृह से 22 से अधिक बाल अपचारी फरार हुए थे, जिनमें से कुछ का नाम हरियाणा (रोहतक) में एक व्यापारी पर फायरिंग की घटना में सामने आया था। इसी दौरान पंजाब में एक व्यापारी पर फायरिंग की थी। व्यापारी पेट्रोल पंप पर परिवार के साथ मौजूद था, तभी बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी, जिसमें उसकी मौत हो गई। छोटे-मोटे अपराध कर चुके नाबालिगों को बना रहे आसान टारगेट एजीटीएफ का मानना है कि विदेशों में बैठे गैंगस्टर ऐसे नाबालिगों को आसान निशाना बना रहे हैं। उनकी उम्र का फायदा उठाकर उन्हें गैंग में शामिल किया जा रहा है। बाल सुधार गृह में बंद रहते हुए संपर्क बनाए रखने और बाहर आने के बाद वारदातों में इस्तेमाल किए जाने की आशंका की भी जांच की जा रही है। पहले भी बाल सुधार गृह से रंगदारी की धमकियां, जी-क्लब फायरिंग का आरोपी फरार हुआ था। बाल सुधार गृह से जुड़े इस मामले में पहले की घटनाएं भी पुलिस के लिए चिंता का विषय हैं। पुलिस के अनुसार, यहां बंद कुछ बाल अपचारी पहले भी बाहर रंगदारी के लिए कॉल कर चुके हैं। जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र के जी-क्लब पर फायरिंग के मामले में पकड़े गए एक बाल अपचारी पर बीकानेर के व्यापारी को धमकाने का आरोप भी सामने आया था। बाद में वह बाल सुधार गृह से फरार हो गया था। किसने पहुंचाए फोन : सुरक्षा गार्ड-कर्मचारियों की भूमिका की जांच, बाहर के ठेले-थड़ियों पर भी नजर बाल सुधार गृह के भीतर मोबाइल फोन और गांजा मिलना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। बाल सुधार गृह के आसपास लगने वाले ठेलों और चाय की थड़ियों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। पहले यहां से सामान अंदर पहुंचाए जाने की शिकायतें मिली थीं। पुलिस यह भी जांच रही है कि बाल सुधार गृह में आने-जाने वाले लोगों की निगरानी कैसे होती है और बंद बच्चों की नियमित तलाशी तथा सुरक्षा जांच के नियमों का पालन हो रहा था या नहीं। बाल सुधार गृह की जिम्मेदारी समाज कल्याण विभाग के पास है। यहां समाज कल्याण विभाग, होमगार्ड और पुलिस की टीम सुरक्षा में लगी रहती है। बाहर की सुरक्षा RAC जवानों के पास है। करीब 70 बच्चों की क्षमता वाले इस बाल सुधार गृह में 100 तक बाल अपचारी रखे जाने की जानकारी है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के इंतजामों की जांच भी अहम हो गई है।

