जलदाय विभाग के इंजीनियर को महिला ने थप्पड़ मारा; VIDEO:टीम को सरकारी टीचर और पत्नी ने भी पीटा, अवैध कनेक्शन काटने पहुंचे थे

टोंक में अवैध नल कनेक्शन काटने पहुंची जलदाय विभाग की टीम के साथ दिव्यांग सरकारी टीचर, उसकी पत्नी और मकान मालकिन ने मारपीट की। मकान मालकिन ने इंजीनियर को थप्पड़ जड़ दिया, लात भी मारी। एक कर्मचारी की बाइक को गिराकर तोड़फोड़ की। घटना सदर थाना क्षेत्र की द्वारिका नगरी शनिवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। टीम जान बचाकर वहां से लौट गई। देर शाम JEN ने सदर थाने में रिपोर्ट दी। वहीं आरोपी पक्ष ने भी जलदाय विभाग की टीम के खिलाफ शिकायत दी है। पहले देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS… अवैध कनेक्शन काटने पहुंची थी टीम जलदाय विभाग की JEN सुमन पटेल ने रिपोर्ट दी है। इसके अनुसार, कुछ दिन पहले इलाके में अवैध नल कनेक्शनों का सर्वे किया गया था। इसमें कुछ कनेक्शन अवैध मिले थे। इन्हीं कनेक्शनों को काटने के लिए शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे जेईएन सुमन पटेल, फीटर सुशील कुमार वर्मा और सुपरवाइजर मोरवाल कुमावत गए थे। टीचर ने फीटर पर डंडे से हमला किया टीम एक मकान के सामने पहुंची, जिसमें अवैध कनेक्शन था। टीम ने बाहर से आवाज लगाई तो किरायेदार नेनू लाल (सरकारी टीचर) और उसकी पत्नी कविता गुर्जर बाहर आए। टीम ने उन्हें मकान में पानी के अवैध कनेक्शन के बारे में बताया। इस पर दोनों पति-पत्नी झगड़ा करने लगे। आरोप है कि नेनू ने फीटर सुशील कुमार वर्मा पर डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद जलदाय विभाग की टीम कार्यालय लौट गई। दोबारा पहुंची टीम, फिर मारपीट की जलदाय विभाग की टीम (जेईएन सुमन पटेल, इंजीनियर अभिमन्यु जैना, शिवराज पहाड़िया, राहुल सांखला, तुलसीराम चौधरी, फीटर सुशील कुमार वर्मा और लेबर सीताराम प्रजापत) शाम करीब 4 बजे दोबारा मौके पर पहुंची। नल कनेक्शन काटने की तैयारी करने लगी। इसी दौरान नेनू लाल और कविता वहां आ गए। उन्होंने टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों आरोपियों ने इंजीनियर शिवराज पहाड़िया और अभिमन्यु जैना को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। टीम के एक सदस्य की बाइक को गिराकर नुकसान पहुंचाया। इस दौरान मकान मालकिन विजय लक्ष्मी ने अभिमन्यु को थप्पड़ जड़ा और लात भी मारी। कर्मचारी किसी तरह जान बचाकर वहां से भागकर आए। JEN ने दी रिपोर्ट, आरोपी पक्ष भी थाने पहुंचा सदर थाना प्रभारी अंकेश कुमार ने बताया- जेईएन की रिपोर्ट पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। नेनू लाल इस कॉलोनी में किराए से परिवार सहित रहता है। नेनू लाल ने तो रिपोर्ट नहीं दी, लेकिन नेनू लाल के मकान मालिक ने बीती देर रात को एक रिपोर्ट दी है। इसमें बताया गया कि कई लोग उसके मकान में आए। मेरे किरायेदार नेनू लाल और उसके परिवार के साथ मारपीट की। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। नेनू लाल को देर रात शांति भंग में गिरफ्तार कर लिया।
Back To Top