कोटा में चुनावी रंजिश में वारदात:भाजपा नेता को इतना पीटा कि हाथ, पैर, चेहरे पर 10 फ्रैक्चर; घुटने-हथेली की 4 हड्डियां भी तोड़ी

चुनावी रंजिश में सुल्तानपुर के भाजपा नेता कृष्ण शर्मा (49) को इतनी बेरहमी से पीटा कि उनके दोनों हाथ-पैर, चेहरे पर 10 फ्रैक्चर हो गए। नाक की हड्डी टूट गई, जिससे वे ठीक से सांस भी नहीं ले पा रहे हैं। वे 11 दिन से निजी अस्पताल में भर्ती हैं। वारदात 17 नवंबर की रात 11 बजे की है। कृष्ण अपने रेस्टोरेंट से घर आ रहे थे। रास्ते में कार सवार हमलावरों ने गाड़ी को टक्कर मारी आैर बाहर निकाल लोहे की रॉड, सरियों, पाइप व लाठियों से हमला कर दिया। उनके भाई रेस्टोरेंट बंद कर लौट रहे थे। उन्होंने अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी विनीत शर्मा (सुल्तानपुर पालिका की पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष हेमलता के पति) और उसके भाई दिलीप उर्फ कालू को गिरफ्तार किया है। विनीत भाजपा से जुड़ा है और हिस्ट्रीशीटर है। उस पर 17 केस हैं। दिलीप कांग्रेस से जुड़ा हुआ है और उस पर 8 केस हैं। 6 हमलावर पहले ही पकड़े जा चुके हैं। परिजनों ने बताया कि कृष्ण पहले विनीत के साथ ही थे, लेकिन बाद में दोनों में चुनावी रंजिश हो गई। 11 दिन से भर्ती, कई जटिल सर्जरी करनी पड़ेगी जैसा ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दीपक खंडेलवाल ने भास्कर को बताया…पटेला (घुटने की कटोरी) : घुटनों की पटेला हड्डियां टूटीं। आगे की गोल हड्डी के टुकड़े बाहर निकालने पड़े और ऑपरेशन कर रिप्लेसमेंट किया गया। रेडियस-अल्ना (हाथ की हड्डियां) : दाएं हाथ में कोहनी से कलाई के बीच की दोनों हड्डियां टूट गईं। अंगूठे की तरफ रेडियस और छोटी अंगुली की तरफ अल्ना होती है। पूरा निचला हिस्सा बुरी तरह फ्रैक्चर हुआ। मेटाकार्पल (हथेली की हड्डियां) : बाएं हाथ की हथेली के पीछे की 5 हड्डियों में से 4 टूट गईं। हथेली का ढांचा बिखर गया, सभी हड्डियों में वायरिंग करनी पड़ी। फीमर (जांघ की हड्डी) : बाएं पैर की फीमर टूट गई। कूल्हे से घुटने तक की यह शरीर की सबसे मजबूत हड्डी है। इसके टूटने से चलना असंभव हो जाता है और रिकवरी में सबसे ज्यादा समय लगता है।
नेजल बोन (नाक की हड्डी) : फ्रैक्चर के कारण ऑपरेशन करना पड़ा। प्राकृतिक तरीके से सांस लेने में परेशानी हो रही है। चेहरा : चेहरे पर कई कट और घाव थे, जिन्हें सर्जरी के दौरान ठीक किया गया। 8 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। दोषियों पर कार्रवाई कर रहे हैं। -ओमप्रकाश सरावग, डीएसपी, इटावा
Back To Top