खेतड़ी उपखंड की बबाई पंचायत समिति क्षेत्र की विजयनगर ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में घायल पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी (55) की मौत हो गई। देर रात सरपंच के नतीजे आने पर उनकी पुत्रवधु सुमन सैनी ने जीत हासिल कर ली। उन्होंने मंजु देवी को 158 वोटो से हराया। वहीं, करणी सेना जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह फौजी भी घायल हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पर्ची बनाने के बूथ पर हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, विजयनगर ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान पर्चियां बनाने के लिए लगाए गए बूथ पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जयपुर रेफर कर दिया, लेकिन जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मारपीट में घायल करणी सेना जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह फौजी का खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। भारी पुलिस जाप्ता तैनात, तीन लोग हिरासत में घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विजयनगर में भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। मृतक का शव नीमकाथाना स्थित मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मारपीट के कारणों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। पहली बार हो रहा था पंचायत का चुनाव मृतक लक्ष्मी नारायण सैनी की पुत्रवधू सुमन सैनी सरपंच पद की प्रत्याशी हैं। नई पंचायत बनने के बाद विजयनगर ग्राम पंचायत में पहली बार मतदान हो रहा था। चुनाव को लेकर ग्रामीणों में उत्साह था, लेकिन मतदान के दौरान हुई हिंसक घटना से माहौल मातम में बदल गया। पूर्व ऊर्जा व जलदाय मंत्री अस्पताल पहुंचे विजयनगर ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान हुई हिंसा और पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी की मौत की सूचना मिलने पर खेतड़ी के पूर्व विधायक एवं पूर्व ऊर्जा व जलदाय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे नीमकाथाना जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खेतड़ी में कानून व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो चुकी है। पंचायत की राजनीति में सक्रिय रहा है परिवार जानकारी के अनुसार, मृतक लक्ष्मीनारायण सैनी पूर्व में एक बार ग्राम पंचायत के सरपंच रह चुके थे। उनकी पत्नी नाथी देवी भी एक बार सरपंच रह चुकी हैं। वहीं, उनकी पुत्रवधू और वर्तमान सरपंच प्रत्याशी सुमन सैनी भी पहले सरपंच रह चुकी हैं। इस बार वह फिर से सरपंच पद के लिए चुनाव मैदान में थीं।

