राजस्थान में मानसून के कमजोर होने के कारण तीन दिन बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 11 सितंबर से एक नया लो-प्रेशर सिस्टम बंगाल की खाड़ी में बनेगा, जिसके असर से 12 सितंबर से पूर्वी जिलों में हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है। वहीं, कमजोर मानसून परिस्थतियों को देखते हुए आशंका है कि अगले सप्ताह से मानसून की विदाई शुरू हो सकती है। मानसून विदाई की सामान्य डेट 17 सितंबर है। इधर कम बारिश के कारण सितंबर के दूसरे सप्ताह में भी तेज गर्मी-उमस बरकरार है। मंगलवार को श्रीगंगानगर सबसे गर्म जिला रहा। यहां दिन का तापमान 39 डिग्री के करीब रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश में बारिश की स्थिति मानसून के बड़े अपडेट्स पश्चिमी जिलों में बारिश की संभावना कम: मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 11 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में एक लो-प्रेशर सिस्टम बनेगा। ये सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ आगे बढ़ेगा। इसके असर से मध्य प्रदेश और इससे लगते राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 12, 13 सितंबर को बारिश हो सकती है। यहां हुई हल्की बारिश: पिछले 24 घंटे के दौरान तीन जिलों में हल्की बारिश हुई। अलवर के प्रतापगढ़ एरिया में 2MM, दौसा के निर्झारना इलाके में 3, भरतपुर के जुरहरा में 11 और कांमा में 10MM बरसात दर्ज हुई। जबकि शेष राज्य में मंगलवार को मौसम शुष्क रहा और धूप रही। 10 शहरों में पारा 35 डिग्री से ऊपर दर्ज: राजस्थान में सोमवार को पश्चिमी राजस्थान के साथ उत्तरी जिलों में गर्मी थोड़ी ज्यादा रही। आसमान साफ रहने और धूप निकलने के कारण श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस। वहीं, मौसम साफ रहने के कारण 10 शहरों में तापमान 35 डिग्री के ऊपर रिकॉर्ड हुआ। राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर: पूरे दिन मौसम साफ रहा और आसमान साफ रहने से धूप निकली। जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि ग्रामीण इलाकों में दिन में कहीं-कहीं छितराए बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने जयपुर में 11 सितंबर तक बारिश नहीं होने की संभावना जताई है। उदयपुर: मंगलवार सुबह से धूप और उमस रही। हालांकि, दिन के तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। गर्मी का असर बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान 32. 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अजमेर: मानसून की गतिविधियां एक बार फिर कमजोर पड़ गई हैं। मंगलवार सुबह से धूप निकलने के कारण गर्मी और उमस का असर रहा। बीच-बीच में आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रही। अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलवर: मंगलवार को सुबह से मौसम सामान्य बना रहा। दोपहर में कुछ देर धूप निकलने से गर्मी जरूर महसूस हुई। लेकिन मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं आया।अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री दर्ज किया गया। 11 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। सीकर: मंगलवार सुबह से मौसम सामान्य बना रहा। दोपहर बाद हल्के बादल छाए, लेकिन बीच-बीच में तेज धूप निकली। सीकर में दिनभर उमस व गर्मी का मौसम रहा। अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में फिलहाल 2 दिन बारिश का अलर्ट नहीं है। जोधपुर: मंगलवार को मौसम साफ रहा। तेज धूप के कारण गर्मी रही। अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। करीब एक महीने से बारिश नहीं हुई है। कोटा: मंगलवार को दिनभर धूप खिली रही। हालांकि अधिकतम तापमान 1 डिग्री गिरा, जबकि न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मौसम में बदलाव से लोग गर्मी व उमस से परेशान रहे।

